Mainpuri News: बेटी की विदाई के अगले दिन पिता की मौत, शादी वाले घर में पसरा मातम

Mainpuri News: मैनपुरी के देवकली गांव में बेटी की शादी के अगले दिन खेत पर काम करते समय किसान की करंट लगने से मौत हो गई, परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

Ashraf Ansari
Published on: 23 Jun 2026 7:33 PM IST
Father dies the day after daughters farewell
X

बेटी की विदाई के अगले दिन पिता की मौत, शादी वाले घर में पसरा मातम (Photo- Newstrack)

Mainpuri News: मैनपुरी जिले के कुरावली थाना क्षेत्र के ग्राम देवकली में एक बेहद दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। जिस घर में एक दिन पहले बेटी की शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं अगले ही दिन परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। खेत पर काम करने गए 40 वर्षीय किसान एवं मजदूर सुनील की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, सुनील पुत्र महेंद्र सिंह निवासी ग्राम देवकली ने 21 जून को अपनी बेटी साधना की शादी धूमधाम से संपन्न कराई थी। 22 जून को बेटी की विदाई के बाद परिवार शादी की रस्मों और मेहमानों की विदाई में व्यस्त था। इसी बीच मंगलवार को सुनील खेत पर पौधे लगाने के लिए गया था। खेत के पास बिजली का पोल और हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी।

खेत में काम करते समय सुनील को लगा करंट

परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से उक्त हाईटेंशन लाइन और पोल के आसपास करंट उतरने की समस्या बनी हुई थी। इस संबंध में कई बार बिजली विभाग को शिकायत भी की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बताया गया कि खेत में काम करते समय सुनील अचानक करंट की चपेट में आ गया। उसकी चीख सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे करंट से अलग किया।


ग्रामीण तत्काल उसे उपचार के लिए कुरावली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली विभाग ने शिकायतों पर ध्यान दिया होता तो यह हादसा टाला जा सकता था। पड़ोसियों और परिजनों ने विभागीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

शादी की खुशियां बदल गईं मातम में

सुनील अपने परिवार का मुख्य सहारा था। वह खेती और मजदूरी कर अपने तीन बेटों और दो बेटियों का पालन-पोषण करता था। बेटी की विदाई के अगले ही दिन हुई उसकी मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव में हर किसी की जुबान पर यही चर्चा है कि शादी की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

Next Story