TRENDING TAGS :
Mainpuri News: आटा चक्की का पत्थर फटा, तीन साल के मासूम समेत पांच घायल
Mainpuri News: एलाऊ थाना क्षेत्र के हुसैनपुर गांव में गेहूं की पिसाई के दौरान हुआ हादसा, धमाके से पत्थर के टुकड़े दूर तक फैले, गंभीर घायल बच्चे को सैफई पीजीआई रेफर किया।
आटा चक्की का पत्थर फटा, तीन साल के मासूम समेत पांच घायल (Photo- Newstrack)
Mainpuri News: मैनपुरी के एलाऊ थाना क्षेत्र के ग्राम हुसैनपुर में रविवार सुबह आटा चक्की में गेहूं की पिसाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अचानक तेज धमाके के साथ चक्की का पत्थर फट गया। पत्थर के नुकीले टुकड़े चारों तरफ फैलने से तीन साल के मासूम समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे सैफई पीजीआई रेफर कर दिया। अन्य घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम हुसैनपुर निवासी शब्बीर आटा चक्की चलाते हैं। रविवार सुबह उन्होंने गांव के ही शमशाद (30) पुत्र इकलाक को चक्की चलाने के लिए बुलाया था। बताया गया कि शमशाद सुबह खाना खाने के बाद चक्की पर पहुंचे और गेहूं की पिसाई शुरू कर दी। करीब 15 से 20 मिनट तक चक्की चलने के बाद अचानक उसका पत्थर अत्यधिक गर्म हो गया। इसी दौरान तेज धमाके के साथ पत्थर फट गया।
धमाका इतना जबरदस्त था कि चक्की का पत्थर टूटकर कई टुकड़ों में बिखर गया। पत्थर के नुकीले टुकड़े तेजी से आसपास फैल गए और वहां मौजूद लोग उनकी चपेट में आ गए। हादसे में तीन वर्षीय प्रियांशु पुत्र रिंकू, रशीदा पत्नी शब्बीर और चक्की चला रहे शमशाद समेत पांच ग्रामीण घायल हो गए। सभी के शरीर पर पत्थर के टुकड़े लगने से चोटें आईं।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। अचानक हुए हादसे से गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने बिना देर किए सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद मासूम प्रियांशु की गंभीर हालत देखते हुए उसे सैफई पीजीआई रेफर कर दिया। वहीं, रशीदा, शमशाद समेत अन्य दो घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।


