TRENDING TAGS :
जमीन विवाद में महिला के सिर पर खुरपी से हमला, खून से लथपथ हालत में एसपी कार्यालय पहुंची पीड़िता
Mainpuri News: मैनपुरी के जसवंतपुर गांव में जमीन विवाद में महिला के सिर पर खुरपी से हमले का आरोप। घायल पीड़िता एसपी कार्यालय पहुंची, कार्रवाई की मांग की।
Mainpuri News
Mainpuri News: मैनपुरी के भोगांव थाना क्षेत्र के जसवंतपुर गांव में जमीन के विवाद को लेकर एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि खेत में काम करने के दौरान उसके जेठ के बेटे और उसकी पत्नी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इस दौरान उसके सिर पर खुरपी से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस से न्याय न मिलने का आरोप लगाते हुए महिला खून से लथपथ हालत में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जसवंतपुर निवासी पूजा पत्नी किताब सिंह के मुताबिक, उसका पति गाजियाबाद में रहकर काम करता है। वह गांव में अपने बच्चों के साथ रहती है। 16 अक्टूबर की सुबह करीब आठ बजे पूजा लहसुन के खेत में काम कर रही थी। इसी दौरान उसके जेठ का बेटा आशीष और उसकी पत्नी सरस्वती उर्फ फुल्लो वहां पहुंच गए। आरोप है कि दोनों ने जमीन खाली करने की बात कहते हुए उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
पूजा के अनुसार, विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान उसके सिर पर खुरपी से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी देवरानी शिल्पी के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। शोर सुनकर परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए वहां से चले गए।
पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद वह शिकायत लेकर भोगांव थाने पहुंची, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। आरोप है कि मेडिकल परीक्षण कराने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। पूजा के मुताबिक, पुलिस ने मामले में एनसीआर दर्ज की, लेकिन इसके बाद भी कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी। उसका आरोप है कि आरोपी अब उसे धमकाते हैं, जिससे वह और उसका परिवार परेशान है।
इसी से आहत होकर पूजा अपने बच्चे और परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची। यहां उसने अधिकारियों से पूरे मामले की शिकायत करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और न्याय दिलाने की मांग की। मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


