औरैया से बुक कराई कार लूटने वाला बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Mainpuri News: मैनपुरी के कुरावली में कार लूट के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया, लूटी गई कार और हथियार बरामद।

Ashraf Ansari
Published on: 3 Nov 2026 8:57 AM IST
औरैया से बुक कराई कार लूटने वाला बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
X

Mainpuri Police Encounter

Mainpuri News: मैनपुरी के कुरावली क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और कार लूट के आरोपी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। घिरोर रोड स्थित नहर पुल पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने सफेद रंग की कार को रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके कब्जे से लूटी गई कार, चालक का मोबाइल, हथियार और कारतूस बरामद हुए हैं। वारदात में शामिल दो साथी अभी फरार हैं।

एएसपी अभिषेक तिवारी ने बताया कि 26/27 अक्टूबर की रात औरैया से गाड़ी बुक कराकर कुरावली क्षेत्र में चालक पर जानलेवा हमला करने के बाद कार लूट ली गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी मैनपुरी ने सीओ कुरावली, एसएचओ कुरावली, एसओजी और सर्विलांस सहित पांच पुलिस टीमों का गठन किया था। टीमें सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही थीं।

सोमवार रात बदमाशों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। रात करीब 11:30 बजे एसएचओ कुरावली ललित भाटी ने घिरोर रोड नहर पुल पर संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कार सवार बदमाश ने पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी और उसे पकड़ लिया गया।

पुलिस ने लूटी गई कार के साथ चालक का मोबाइल, वारदात में इस्तेमाल हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। कार से उसके दस्तावेज भी मिले हैं। पूछताछ में आरोपी ने अपने दो साथियों के नाम छोटू पुत्र गुड्डू असलम और ध्रुव बताए हैं। दोनों इटावा के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की मुलाकात छोटू से जेल में हुई थी। वहीं दोनों ने लूट की वारदातों की योजना बनाई थी, बाद में ध्रुव भी उनके साथ जुड़ गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ इटावा, फिरोजाबाद, औरैया और मैनपुरी समेत कई जिलों में करीब 31 मुकदमे दर्ज हैं। फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

[8:51 am, 3/11/2026] Shalini Rai: बुलंदशहर: सेफो लाइट रीठे और अरारोट

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

asrafansarietw62@gmail.com
Next Story