TRENDING TAGS :
Mainpuri News: मैनपुरी में संविधान रक्षा मार्च की तैयारियां तेज, कांग्रेस ने उठाया मताधिकार का मुद्द
Mainpuri News: संविधान दिवस पर लखनऊ में प्रस्तावित मार्च को लेकर कांग्रेस ने बैठक की। पार्टी ने गठबंधन में मैनपुरी सदर और भोगांव सीटों पर भी दावा जताया है।
Mainpuri News: मैनपुरी में संविधान दिवस पर 26 नवंबर को लखनऊ में प्रस्तावित संविधान रक्षा मार्च को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश महासचिव प्रकाश प्रधान और जिलाध्यक्ष गोपाल कुलश्रेष्ठ ने मार्च की तैयारियों के साथ एसआईआर, मताधिकार और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी का रुख स्पष्ट किया।
प्रदेश महासचिव प्रकाश प्रधान ने कहा कि 26 नवंबर को संविधान की रक्षा और एसआईआर में कथित गड़बड़ियों के विरोध में पूरे प्रदेश में संविधान रक्षा मार्च निकाला जाएगा। लखनऊ में मार्च का नेतृत्व कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में लखनऊ पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि वोटों की चोरी रोकना और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा करना पार्टी की प्राथमिकता है।
सोनिया गांधी की पुस्तक को लेकर उठे विवाद पर उन्होंने कहा कि पुस्तक में देश में हुई घटनाओं और उपलब्ध प्रमाणों के आधार पर बातें रखी गई हैं। इस पर विवाद की जरूरत नहीं है। पाकिस्तान से बातचीत के सवाल पर उन्होंने कहा कि आतंकवाद से दूरी बनाने की गारंटी मिलने के बाद ही वार्ता संभव है।
गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर प्रकाश प्रधान ने कहा कि हाईकमान का फैसला स्वीकार होगा, लेकिन मैनपुरी के कार्यकर्ताओं की मांग है कि समाजवादी पार्टी भी बड़ा दिल दिखाए। उन्होंने पुराने समझौते का हवाला देते हुए कहा कि मैनपुरी और कन्नौज में कांग्रेस को भी हिस्सेदारी मिलनी चाहिए।
जिलाध्यक्ष गोपाल कुलश्रेष्ठ ने चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हुए उसे भाजपा की बी टीम बताया। उन्होंने चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया में बदलाव और आयोग पर सरकार के दबाव का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि 13 करोड़ 99 लाख वोट काटे गए हैं और एसआईआर के बाद नाम दोबारा जुड़वाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जिले की चार विधानसभा सीटों पर संगठन मजबूत किया जा रहा है। नौ ब्लॉक, नौ नगर कमेटियां, 85 मंडल कमेटियां और 80 न्याय पंचायत कमेटियां गठित हो चुकी हैं। आधे से अधिक बूथ कमेटियों का काम भी पूरा हो गया है। कांग्रेस ने गठबंधन में मैनपुरी सदर और भोगांव सीटों पर अपना दावा जताया है।


