TRENDING TAGS :
Mainpuri News: सहकारी बैंक की बैठक में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार और डिजिटल सुविधाओं पर जोर
Mainpuri News: मैनपुरी सहकारी बैंक की बैठक में शाखाओं की व्यवस्था सुधारने, लंबित मामलों के निस्तारण और ग्राहकों को आधुनिक डिजिटल बैंकिंग सुविधाएं देने पर जोर रहा।
Mainpuri News
Mainpuri News: मैनपुरी जिला सहकारी बैंक प्रबंध समिति/संचालक मंडल की समीक्षा बैठक शुक्रवार को बैंक कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता बैंक के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह राठौर ने की। इस दौरान बैंक के कामकाज, शाखाओं की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, लंबित प्रकरणों के निस्तारण और ग्राहकों को आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में सबसे पहले पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि की गई। इसके बाद नाबार्ड के पत्र के क्रम में बैंक की ओर से की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। बैंक की निरीक्षण आख्या तथा सहकारिता विभाग से प्राप्त पत्रों पर भी चर्चा हुई। अंचल कुमार तिवारी के भोगांव प्रकरण की जांच के लिए जांच अधिकारी नामित करने का प्रस्ताव रखा गया। इसके अलावा नवोदय एम-पैक्स को बैंक की सदस्यता देने, राजेश कुमार के अवकाश प्रार्थना पत्र तथा कुसमरा शाखा के भवन किराया वृद्धि और भवन खाली करने से संबंधित मामलों पर भी चर्चा की गई।
बैठक में भारतीय स्टेट बैंक के क्लियरिंग चार्ज से संबंधित खाते को बंद कराने के प्रस्ताव पर भी विचार हुआ। कर्मचारियों के रजिस्ट्रेशन और संबंधित कार्यों के लिए सीपीएम कंसल्टिंग सर्विसेज को नियुक्त करने का प्रस्ताव रखा गया। साथ ही भारत आधार सीडिंग एनेबलर सुविधा लागू करने और सहकार सारथी प्राइवेट लिमिटेड (एसएसपीएल) के साथ एमएसए करने पर भी चर्चा की गई।
बैंक की वेबसाइट तैयार कराने के लिए एसएसपीएल की सेवाएं लेने, माइक्रो एटीएम खरीदने तथा ई-नेट सहित अन्य डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार करने के प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल रहे। सहकारिता विभाग से प्राप्त पत्रों और कर्मचारियों के स्थायीकरण से जुड़े प्रकरणों पर भी संचालक मंडल ने विचार-विमर्श किया।
बैठक में अध्यक्ष नरेंद्र सिंह राठौर के अलावा संचालक करुण सिंह, शेर सिंह, जयप्रकाश द्विवेदी, अमर चौहान, पंकज कुमार, अभिषेक तिवारी, निधि तोमर, सीमा यादव, नेहा सिंह, अनुज राठौर और संदीप चौहान मौजूद रहे। सहकारिता विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे। बैठक में बैंक की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने, शाखाओं की व्यवस्थाएं मजबूत करने और ग्राहकों को बेहतर व आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।


