Mainpuri News: दिव्यांग पेंशन बढ़ाकर पांच हजार रुपये करने की मांग, कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन

Mainpuri News: मैनपुरी में दिव्यांग पेंशन बढ़ाकर पांच हजार रुपये करने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया गया।

Ashraf Ansari
Published on: 21 Aug 2026 6:30 PM IST
Mainpuri News
X

Mainpuri News(Photo-Social Media)

Mainpuri News: मैनपुरी में दिव्यांग एकता समिति उत्तर प्रदेश के सदस्यों ने शुक्रवार को विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को आठ सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। इसमें दिव्यांगजनों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण मांगें उठाई गईं।

समिति की प्रमुख मांग दिव्यांग पेंशन को तत्काल बढ़ाकर पांच हजार रुपये प्रतिमाह करने की रही। समिति के सचिव दुर्गेश कुमार ने कहा कि वर्तमान में मिलने वाली एक हजार रुपये की पेंशन से दिव्यांगजनों के लिए सम्मानजनक जीवन यापन करना मुश्किल है। प्रदेश के लाखों दिव्यांग आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं। ऐसे में पेंशन राशि में तत्काल बढ़ोतरी जरूरी है।

समिति ने दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 को प्रभावी ढंग से लागू कराने की भी मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि कानून के बावजूद कई दिव्यांगजन अपने अधिकारों से वंचित हैं और उन्हें उत्पीड़न का सामना करना पड़ता है। उन्होंने जमीनी स्तर पर अधिकारों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की मांग की।

ज्ञापन में अशिक्षित दिव्यांगजनों को कौशल विकास प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार से जोड़ने और शिक्षित दिव्यांगजनों के लिए विशेष भर्ती अभियान चलाकर सरकारी नौकरियों में रिक्त पद भरने की मांग की गई। समिति का कहना है कि रोजगार मिलने से दिव्यांगजन आत्मनिर्भर बन सकेंगे। इसके अलावा पात्र दिव्यांगजनों के अंत्योदय राशन कार्ड बनाने, निशुल्क गैस कनेक्शन और सिलिंडर उपलब्ध कराने तथा रिक्शा आदि चलाकर जीविका कमाने वाले दिव्यांगजनों को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने की मांग की गई।

समिति ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र दिव्यांगजनों को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आवास के साथ शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग रखी। पदाधिकारियों ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र दिव्यांगजनों तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंचना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष सोनम, संरक्षक समीर राजा, रामकरण, रामदास, प्रवेश, अखिलेश समेत कई दिव्यांगजन मौजूद रहे।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

asrafansarietw62@gmail.com
Next Story