TRENDING TAGS :
Mainpuri News:: बेटों पर बुजुर्ग पिता से मारपीट और संपत्ति हड़पने का आरोप, एसपी से लगाई गुहार
Mainpuri News: मैनपुरी में बुजुर्ग पिता ने बेटों पर मारपीट, अभद्रता और संपत्ति कब्जाने का आरोप लगाया। एसपी से निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की गुहार लगाई।
Mainpuri News:
Mainpuri News: मैनपुरी में एक बुजुर्ग पिता ने अपने ही बेटों पर मारपीट, अभद्रता करने और संपत्ति पर कब्जा करने का गंभीर आरोप लगाया है। मंगलवार शाम करीब चार बजे धर्मेंद्र कुमार दुबे शिकायत लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।
धर्मेंद्र दुबे का आरोप है कि पिछले करीब छह महीने से उनके बेटे उन्हें और उनकी पत्नी को लगातार परेशान कर रहे हैं। मकान और जमीन पर कब्जा करने के विवाद को लेकर उनके साथ कई बार मारपीट और बदसलूकी की गई। आरोप है कि बेटों ने उन्हें और उनकी पत्नी को घर से भी बाहर निकाल दिया है।
पीड़ित के मुताबिक, संपत्ति पर कथित कब्जे के बाद बुजुर्ग दंपती के सामने रहने के साथ-साथ रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने की समस्या खड़ी हो गई है। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी गंभीर रूप से बीमार हैं और आगरा में उनका उपचार चल रहा है। ऐसे में संपत्ति पर कब्जे और आर्थिक परेशानी के कारण पत्नी के इलाज का खर्च जुटाना भी मुश्किल हो गया है।
धर्मेंद्र दुबे ने अपने बेटों पर एक अन्य मामले में भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि बेटों ने उनके भांजे को प्लॉट देने का भरोसा देकर उससे 10 लाख रुपये लिए थे। रकम लेने के बावजूद अब तक प्लॉट की रजिस्ट्री नहीं की गई और न ही पैसे लौटाए जा रहे हैं। रुपये वापस मांगने पर विवाद बढ़ गया।
पीड़ित पिता का आरोप है कि मामले में दबाव बनाने के लिए उनके और उनके भांजे के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज करा दिया गया। उन्होंने इसे फर्जी बताते हुए कहा कि स्थानीय थाने में शिकायत करने के बाद भी उन्हें उचित राहत नहीं मिली। धर्मेंद्र का आरोप है कि उनके बेटे प्रभाव का इस्तेमाल कर पुलिस कार्रवाई को प्रभावित करते हैं।
एसपी कार्यालय पहुंचे धर्मेंद्र दुबे ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित फर्जी मुकदमे की जांच कर उसे निरस्त कराने, बेटों के खिलाफ कार्रवाई करने और भांजे के 10 लाख रुपये वापस दिलाने की मांग की है।


