TRENDING TAGS :
Mainpuri News: भूमि विवाद की तारीख करने निकले बुजुर्ग लापता, परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई
Mainpuri News: मैनपुरी में भूमि विवाद की तारीख करने तहसील सदर गए बुजुर्ग प्रहलाद सिंह लापता हो गए। परिजनों ने पुलिस से तलाश की मांग की है।
Mainpuri News
Mainpuri News: मैनपुरी तहसील सदर में भूमि विवाद की तारीख करने के लिए घर से निकले बुजुर्ग के लापता होने का मामला सामने आया है। 29 सितंबर की सुबह घर से निकले प्रहलाद सिंह देर शाम तक वापस नहीं लौटे। मोबाइल पर संपर्क नहीं होने और रिश्तेदारियों व परिचितों के यहां तलाश के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। भूमि विवाद को लेकर चल रहे पुराने विवाद के चलते परिजनों ने कुछ लोगों पर बुजुर्ग के साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
प्रहलाद सिंह पुत्र रामसिंह ग्राम नगरिया मौजा अगौथा के रहने वाले हैं। वर्तमान में वह नगला जमुनिया, थाना कोतवाली कुरावली क्षेत्र में रह रहे हैं। उनके पुत्र के अनुसार, 29 सितंबर की सुबह करीब नौ बजे प्रहलाद सिंह घर से मैनपुरी तहसील सदर में भूमि विवाद से संबंधित तारीख करने के लिए निकले थे। इसके बाद वह वापस घर नहीं पहुंचे।शाम होने के बाद परिजनों ने उनके मोबाइल नंबर पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन पर कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर उनकी तलाश शुरू की, लेकिन प्रहलाद सिंह का कोई पता नहीं चल सका। देर रात करीब नौ बजे परिजनों ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को मामले की जानकारी दी।
परिजनों ने शिकायत में बताया कि ग्राम अगौथा निवासी वीरेन्द्र सिंह पुत्र तोताराम से प्रहलाद सिंह का भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। इसी विवाद के कारण परिजनों ने वीरेन्द्र सिंह और उसके पुत्रों धर्मेंद्र, देवेश तथा अंकित उर्फ ऋषि पर प्रहलाद सिंह के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई है। हालांकि, परिजनों द्वारा जताई गई आशंका की पुलिस स्तर से अभी पुष्टि नहीं हुई है।परिजनों ने पुलिस से प्रहलाद सिंह की तलाश कराने, उनके मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगवाने और पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। परिवार के लोग बुजुर्ग के सकुशल मिलने को लेकर चिंतित हैं और पुलिस से जल्द से जल्द उनके बारे में जानकारी जुटाने की गुहार लगा रहे हैं।


