TRENDING TAGS :
Mainpuri News: मैनपुरी में प्रेम प्रसंग से नाराज पिता ने बेटी को मारी गोली, हालत गंभीर
Mainpuri News: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी के दिवलपुर गांव में प्रेम प्रसंग से नाराज पिता ने अपनी 18 वर्षीय बेटी को गोली मार दी। सिर के पिछले हिस्से में गोली लगने से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
Mainpuri News
Mainpuri News: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में प्रेम प्रसंग से नाराज एक पिता द्वारा अपनी 18 वर्षीय बेटी को गोली मारने का मामला सामने आया है। गोली युवती के सिर के पिछले हिस्से में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। दिनदहाड़े हुई इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई। वारदात सोमवार दोपहर थाना एलाऊ क्षेत्र के दिवलपुर गांव में हुई।
जानकारी के अनुसार, दिवलपुर निवासी आसीन खान पुत्र खुदाबख्श की बेटी साजिया बानो का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि साजिया उस युवक से शादी करना चाहती थी, लेकिन उसके पिता इस रिश्ते के खिलाफ थे। इसी बात को लेकर परिवार में काफी समय से तनाव बना हुआ था।बताया गया कि सोमवार दोपहर करीब दो बजे साजिया अपनी मां और बहन के साथ कमरे में सो रही थी। इसी दौरान उसके पिता आसीन खान तमंचा लेकर कमरे में पहुंचे और सो रही बेटी पर गोली चला दी। गोली लगते ही साजिया गंभीर रूप से घायल हो गई। फायरिंग की आवाज सुनकर परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी फैल गई। घायल युवती को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलने पर थाना एलाऊ पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा भी बरामद किए जाने की जानकारी दी है। घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए, ताकि मामले की जांच में मदद मिल सके।मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक नगर अरुण कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर अशोक कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बेटी के प्रेम संबंध और शादी की इच्छा को लेकर पिता नाराज था। इसी विवाद के चलते गोली चलाने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। युवती की हालत को लेकर विस्तृत चिकित्सकीय जानकारी सामने आने का इंतजार है।


