TRENDING TAGS :
Mainpuri News: 2027 में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी, विपक्षी गठबंधन अस्थाई: जयवीर सिंह
Mainpuri News: मैनपुरी में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाएगी और कांग्रेस-सपा का गठबंधन अस्थाई है।
Mainpuri News
Mainpuri News: मैनपुरी में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शनिवार को सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर विपक्षी दलों पर निशाना साधा। कांग्रेस और सपा के बीच गठबंधन तथा सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिन दलों की रीति-नीति अलग है, उनके बीच स्थायी सामंजस्य और सहयोग संभव नहीं है। यह भाजपा को नुकसान पहुंचाने के लिए किया जा रहा अस्थाई गठबंधन है।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा अपने दम पर आधे से अधिक मतदाताओं का जनसमर्थन हासिल कर प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाएगी। परिसीमन बिल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार महिलाओं को संरक्षण देने के साथ हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने का काम कर रही हैं। राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए महिलाओं को आरक्षित सीटों पर चुनाव लड़ने का अवसर देने का निर्णय भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी दलों से राष्ट्रहित में बिल का समर्थन करने की अपील की।सपा के घोषणा पत्र पर निशाना साधते हुए मंत्री ने कहा कि घोषणा पत्र का मतलब प्रतिबद्धता होता है, जिसके लिए साख जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2012 से 2017 के बीच प्रदेश में लूट, डकैती, माफियाराज, जमीनों पर कब्जे और दंगों का माहौल था।
जनता ऐसे वादों पर विश्वास नहीं करेगी। बसपा सुप्रीमो मायावती के बयान पर उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अखिलेश यादव सरकार के पुराने कार्यकाल को भूली नहीं है।अखिलेश यादव के भाजपा के एजेंडे में नौकरी नहीं होने संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए जयवीर सिंह ने कहा कि उन्हें अपना चश्मा बदलना चाहिए। भाजपा सरकार ने साढ़े नौ लाख से अधिक नौकरियां दी हैं। युवाओं को नौकरी देने वाला बनाने के लिए भी प्रयास किए गए हैं।उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता साल के 365 दिन चुनावी मोड में रहते हैं। पार्टी हर चुनाव के लिए तैयार रहती है। मैनपुरी से चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी जहां से आदेश करेगी, वहीं से चुनाव लड़ेंगे।


