Mainpuri News: कुरावली में दिनदहाड़े दबंगई, कपड़ों की दुकान में घुसकर कर्मचारी को पीटा, बाजार में मचा हड़कंप

Mainpuri News : कुरावली सदर बाजार में कपड़ों की दुकान में घुसकर कर्मचारी से मारपीट, बेल्टों से हमला और टॉय फायर गन से दहशत फैलाई गई

Ashraf Ansari
Published on: 31 May 2026 10:26 PM IST (Updated on: 31 May 2026 10:27 PM IST)
Mainpuri News: कुरावली में दिनदहाड़े दबंगई, कपड़ों की दुकान में घुसकर कर्मचारी को पीटा, बाजार में मचा हड़कंप
X

Mainpuri News  

Mainpuri News : मैनपुरी जिले के कुरावली कस्बे के सदर बाजार में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब आधा दर्जन से अधिक युवकों ने एक रेडीमेड कपड़ों की दुकान पर पहुंचकर जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि युवकों ने दुकान में मौजूद कर्मचारी के साथ पहले गाली-गलौज की और फिर बेल्टों से बेरहमी से मारपीट कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों को डराने के लिए एक युवक ने टॉय फायर गन भी निकाल ली, जिससे बाजार में दहशत का माहौल बन गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार घटना सदर बाजार स्थित एसके कलेक्शन नामक दुकान की है। दुकान संचालक सचिन चक ने बताया कि घटना के समय वह किसी जरूरी कार्य से घर गए हुए थे। इसी दौरान कई युवक बाइकों से दुकान पर पहुंचे और वहां मौजूद कर्मचारी सनी पांडे से अभद्र व्यवहार करने लगे। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों ने कर्मचारी को बेल्टों से पीटना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, मारपीट करते हुए उसे दुकान से बाहर सड़क तक घसीटा गया। दिनदहाड़े हुई इस घटना को देखकर आसपास के दुकानदार और राहगीर भी मौके पर एकत्र हो गए। बाजार में कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

स्थानीय लोगों ने जब बीच-बचाव का प्रयास किया तो आरोपियों में शामिल एक युवक ने टॉय फायर गन निकालकर लोगों को डराने की कोशिश की। अचानक हथियार जैसी वस्तु देखकर मौके पर मौजूद लोगों में भय का माहौल बन गया। इसके बाद सभी आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी कुरावली सच्चिदानंद सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक ललित भाटी, क्राइम इंस्पेक्टर विकास कुमार और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, पीड़ित पक्ष से पूछताछ की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

घटना की जानकारी मिलने पर नगर पंचायत चेयरमैन धर्मेंद्र वर्मा उर्फ धम्मा, व्यापार मंडल महामंत्री राजेश जैन बंटू तथा शानू अंसारी भी मौके पर पहुंचे। व्यापारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की बात कही।थाना प्रभारी ललित भाटी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है तथा घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Shalini Rai

Shalini Rai

News Publisher Mail ID - raishalini910@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story