TRENDING TAGS :
Mainpuri News: जन्मदिन की पार्टी बनी मातम का कारण, डीजे के तार में करंट उतरने से युवक की मौत
Mainpuri News: मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र के अशोकपुर गांव में जन्मदिन की पार्टी के दौरान डीजे के तार में करंट उतरने से 22 वर्षीय गोविंद यादव की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
Mainpuri News
Mainpuri News: मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात जन्मदिन की पार्टी के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। अशोकपुर गांव में दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने पहुंचे 22 वर्षीय युवक की डीजे के तार में उतरे करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद पार्टी में अफरा-तफरी मच गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक सूरजपुर मनौना गांव निवासी गोविंद यादव शुक्रवार रात अपने दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने अशोकपुर गांव गया था। बताया गया कि वह रात करीब आठ बजे के बाद घर से पार्टी के लिए निकला था। पार्टी में डीजे बजाया जा रहा था। इसी दौरान डीजे के तार में अचानक करंट उतर आया, जिसकी चपेट में गोविंद आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलसकर मौके पर गिर पड़ा।हादसा होते ही वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी परिवार के लोगों को दी गई। परिजन आनन-फानन में मौके पर पहुंचे और गोविंद को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरावली लेकर गए। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।गांव के समाजसेवी सहजेंद्र सिंह के मुताबिक गोविंद पढ़ाई कर रहा था और ग्रेजुएशन की शिक्षा ले रहा था। वह दो भाइयों में छोटा था। उसके बड़े भाई के जिम्मे खेती-मजदूरी के जरिए परिवार की मदद करने की जिम्मेदारी है। गोविंद की अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।गोविंद के पिता करतार सिंह कुरावली थाने में होमगार्ड के पद पर तैनात हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी सीएचसी पहुंची और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली।कुरावली थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। जन्मदिन की खुशियों के बीच हुए इस हादसे ने पूरे परिवार और गांव में मातम का माहौल बना दिया।


