TRENDING TAGS :
Mainpuri News: जमीन के हिस्से की मांग बनी विवाद की वजह, महिला ने रिश्तेदारों पर लगाए गंभीर आरोप
Mainpuri News: मैनपुरी में जमीन बंटवारे के विवाद में महिला ने रिश्तेदारों पर मारपीट और धमकी का आरोप लगाया, एसपी से कार्रवाई की मांग की।
Mainpuri News: मैनपुरी जिले के घिरोर थाना क्षेत्र के ग्राम कासगंज कोसमा में पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। गांव की एक महिला ने अपने ही रिश्तेदारों पर घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि स्थानीय थाने में कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इससे परेशान होकर परिवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
कासगंज कोसमा निवासी राधा देवी पत्नी उमेश चंद्र ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 22 जुलाई की सुबह करीब आठ बजे गांव के रंजीत, वीनेश, संतोष, कश्मीर, निर्देश, प्रीति समेत अन्य लोग उनके घर में घुस आए। आरोप है कि सभी ने पहले गाली-गलौज की और विरोध करने पर लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। राधा देवी का आरोप है कि आरोपियों ने उनके बाल पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और लाठी-डंडों से हमला किया।
महिला के अनुसार, शोर-शराबा सुनकर उनकी सास श्यामा देवी, देवर नीरज और पति उमेश चंद्र बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस दौरान ईंट-पत्थर भी फेंके गए, जिससे परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। पीड़िता का कहना है कि पूरा विवाद पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर है। वह अपने हिस्से की जमीन की मांग कर रही हैं, लेकिन आरोपी बंटवारा नहीं होने देना चाहते और लगातार दबाव बना रहे हैं।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद परिवार तीन बार घिरोर थाने पहुंचा, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं और उनके पास अवैध तमंचा भी है। परिवार का कहना है कि उनका मकान गांव से करीब 600 मीटर दूर स्थित है, इसके बावजूद आरोपी वहां पहुंचकर उन्हें परेशान कर रहे हैं, जिससे पूरे परिवार में भय का माहौल बना हुआ है
पीड़िता ने अपने शिकायती पत्र में मारपीट का वीडियो होने का भी उल्लेख किया है। उन्होंने पुलिस से घायल परिजनों का मेडिकल परीक्षण कराने, मामले की निष्पक्ष जांच करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दी गई शिकायत के आधार पर मामले की जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही जा रही है।


