TRENDING TAGS :
Mainpuri News: मैनपुरी में विधवा महिला की जमीन हड़पने का आरोप, एसपी से लगाई न्याय की गुहार
Mainpuri News: मैनपुरी में एक विधवा महिला ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने जमानत दिलाने के बहाने फर्जी दस्तावेज बनाकर उसकी कृषि भूमि हड़प ली और बाद में जान से मारने की धमकी भी दी।
Mainpuri News
Mainpuri News: मैनपुरी जिले के बिछवां थाना क्षेत्र में एक विधवा महिला ने गांव के कुछ लोगों पर धोखाधड़ी कर उसकी कृषि भूमि हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने उसकी बेटी को जमानत दिलाने के बहाने तहसील ले जाकर फर्जी दस्तावेज तैयार कराए और बाद में जमीन का बेनामा अपने नाम करा लिया। मामले को लेकर महिला ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपनी जमीन वापस दिलाने की मांग की है। घटना सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार मामला बिछवां थाना क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीपुर पोस्ट सहारा का है। गांव निवासी सरस्वती देवी, जो स्वर्गीय तालेवर की पत्नी हैं, ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि गांव के राकेश सिंह, लेखपाल, सुखवीर सिंह, राजेंद्र और रामअवतार उनके परिवार से परिचित थे और घर पर उनका आना-जाना था। इसी परिचय का फायदा उठाकर आरोपियों ने उनकी बेटी कीर्ति को जमानत दिलाने का भरोसा दिया।
पीड़िता के मुताबिक 15 फरवरी 2025 को आरोपी उनकी बेटी को तहसील भोगांव ले गए। वहां कथित रूप से धोखाधड़ी करते हुए जमीन से संबंधित एक फर्जी इकरारनामा तैयार कराया गया। महिला का आरोप है कि परिवार को दस्तावेजों की वास्तविक जानकारी तक नहीं दी गई। इसके बाद 15 दिसंबर 2025 को आरोपी दोबारा घर पहुंचे और अधूरा काम पूरा कराने का बहाना बनाकर कीर्ति को फिर तहसील ले गए। इस बार कथित तौर पर जमीन का फर्जी बेनामा राकेश सिंह के नाम करा लिया गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि दस्तावेजों में फर्जी गवाहों का इस्तेमाल किया गया।
पीड़िता ने आगे बताया कि 12 फरवरी 2026 को आरोपियों ने फिर से तहसील ले जाकर पहले से तैयार इकरारनामे की अवधि बढ़ाने के लिए तौसीह म्याद भी तैयार कराई। वहीं 10 मई 2026 को आरोपी लाठी-डंडों और अवैध हथियारों के साथ खेत पर पहुंचे और जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर महिला और उसकी बेटियों के साथ मारपीट की गई। ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।महिला का कहना है कि यही कृषि भूमि उनके परिवार के भरण-पोषण का एकमात्र सहारा है। फिलहाल पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर न्याय की मांग की गई है।


