TRENDING TAGS :
Mainpuri News : लिंक एक्सप्रेस-वे भूमि अधिग्रहण में लापरवाही पर डीएम सख्त, रिश्वतखोरी के आरोप में लेखपाल निलंबित
Mainpuri News : मैनपुरी में लिंक एक्सप्रेस-वे भूमि अधिग्रहण में लापरवाही व रिश्वतखोरी पर डीएम सख्त, लेखपाल निलंबित कर जांच के आदेश दिए।
Mainpuri News
Mainpuri News: मैनपुरी जिले में प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए चल रही भूमि खरीद और बैनामे की प्रक्रिया में लापरवाही तथा किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बुधवार को तहसील किशनी का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने ग्रामवार प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए। धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने लंबित बैनामों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा कि जिन किसानों ने बैनामे कर दिए हैं, उन्हें एक सप्ताह के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
तहसील प्रशासन के अनुसार, लिंक एक्सप्रेस-वे परियोजना के लिए कुल 15 गांवों में 217 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की जानी है। अब तक करीब 80 हेक्टेयर भूमि के बैनामे पूरे हो चुके हैं, जबकि कई गांवों में कार्य की गति बेहद धीमी पाई गई। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केवल कार्यालयों में बैठकर लक्ष्य पूरे नहीं होंगे, बल्कि गांवों में जाकर किसानों से सीधा संवाद करना होगा। इसके लिए मोबाइल नंबर आधारित संपर्क सूची तैयार करने के भी निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान कई किसानों ने खतौनी में गलत नाम दर्ज होने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित लेखपालों को दो दिन के भीतर नाम सुधारने के निर्देश दिए। इसी बीच नगला रठेह निवासी राजेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि लेखपाल स्वदेश कुमार ने पैसे लेने के बावजूद बैनामा नहीं कराया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने मौके पर ही बयान दर्ज कराने के आदेश दिए और लेखपाल स्वदेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही गांव में बैनामे की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए दूसरे लेखपाल की तैनाती के निर्देश भी दिए गए।
एक अन्य शिकायत में पृथ्वीपुर निवासी प्रशांत कुमार ने दो माह से जन्म प्रमाण पत्र न बनने की समस्या बताई, जिस पर डीएम ने उसी दिन प्रमाण पत्र जारी करने का आदेश दिया। समीक्षा में सिंहपुर, अहमलपुर, तरीहा, टोढरपुर, रठेह और महोली समसेरगंज गांवों में प्रगति असंतोषजनक मिली। डीएम ने विशेष लेखपाल टीम तैनात करने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि रिश्वत लेने या देने दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।


