TRENDING TAGS :
Mainpuri: छह महीने बाद भी हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं, पीड़ित परिवार ने लगाई न्याय की गुहार
Mainpuri News: मैनपुरी में पिता की हत्या के मामले में छह महीने बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज पीड़ित परिवार ने एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की मांग की।
Mainpuri News
Mainpuri News: मैनपुरी जिले में पिता की हत्या के मामले में छह महीने बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार में भारी नाराजगी है। न्याय की मांग को लेकर पीड़ित परिवार पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। परिवार का आरोप है कि पुलिस मामले में लापरवाही बरत रही है, जबकि नामजद आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार समझौते का दबाव बना रहे हैं। पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि गवाहों को धमकाया जा रहा है, जिससे पूरे परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।
मामला भोगांव तहसील क्षेत्र के थाना बिछवां अंतर्गत दुधौना गांव का है। पीड़ित विमल शाक्य ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 7 अप्रैल 2026 की शाम पुरानी रंजिश के चलते गांव निवासी सुनील कुमार, उसकी पत्नी रेखा देवी और जितेंद्र सिंह उनके घर में घुस आए थे। आरोप है कि तीनों ने मिलकर उनके पिता जसकरण सिंह और परिवार की महिला सदस्य राजदेवी के साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। जब परिवार के अन्य सदस्य बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने हमला और तेज कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, इसी दौरान सुनील कुमार ने जसकरण सिंह के सिर पर डंडे से जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से जसकरण सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद थाना बिछवां में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। परिवार का कहना है कि मामले में नामजद आरोपी रेखा देवी की अग्रिम जमानत भी जिला जज मैनपुरी की अदालत से निरस्त हो चुकी है, इसके बावजूद पुलिस अब तक गिरफ्तारी नहीं कर सकी है।पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि आरोपी गांव में खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। साथ ही गवाहों को धमकियां देकर बयान बदलने की कोशिश की जा रही है। परिवार ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मामले में निष्पक्ष एवं सख्त कार्रवाई की मांग की है।


