Mainpuri News: प्रसव पीड़ा के बाद अस्पताल पहुंची नवविवाहिता की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Mainpuri News: मैनपुरी के कुचेला सीएचसी में प्रसव पीड़ा के बाद भर्ती नवविवाहिता संतोषी की हालत बिगड़ने पर दूसरे अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मौत का वास्तविक कारण रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।

Ashraf Ansari
Published on: 19 Oct 2026 3:30 PM IST
Mainpuri News: प्रसव पीड़ा के बाद अस्पताल पहुंची नवविवाहिता की मौत, परिवार में मचा कोहराम
X

Mainpuri News

Mainpuri News: मैनपुरी में मां बनने की उम्मीद लेकर अस्पताल पहुंची एक नवविवाहिता की इलाज के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रसव पीड़ा होने पर पति उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचा था। चिकित्सकों ने सामान्य प्रसव होने की बात कही, लेकिन कुछ देर बाद महिला की हालत बिगड़ गई। उसे दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मौत का वास्तविक कारण रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।

मामला दन्नाहार थाना क्षेत्र के गांव कूड़ारपुर का है। गांव निवासी सुखदेव ने बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे उनकी पत्नी संतोषी को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। इसके बाद वह पत्नी को लेकर कुचेला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और उसे भर्ती कराया। सुखदेव के मुताबिक, अस्पताल में चिकित्सकों ने सामान्य प्रसव होने की बात कही थी। इससे परिवार को उम्मीद थी कि जल्द ही उनके घर बच्चे की किलकारी गूंजेगी।परिजनों के अनुसार, अस्पताल में भर्ती होने के कुछ समय बाद संतोषी की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए कहा। इसके बाद परिजन एंबुलेंस से उसे निजी अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में संतोषी ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

सुखदेव ने बताया कि संतोषी से उनकी शादी करीब 11 महीने पहले हुई थी। परिवार में बच्चे के जन्म को लेकर काफी उत्साह और उम्मीदें थीं, लेकिन प्रसव के दौरान हुई इस घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया।महिला की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे शव का पोस्टमार्टम कराया गया। फिलहाल महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

asrafansarietw62@gmail.com
Next Story