Mainpuri News: जमीन के बैनामे के लिए बुजुर्ग को बनाया बंधक, शराब के नशे में पहरेदार सोए तो भाग निकले

Mainpuri News: मैनपुरी में जमीन के बैनामे के लिए बुजुर्ग को बंधक बनाने का मामला सामने आया। पहरेदारों के शराब के नशे में सोने पर बुजुर्ग भाग निकला।

Ashraf Ansari
Published on: 29 Sept 2026 1:57 PM IST
Mainpuri News
X

Mainpuri News(Photo-Social Media)

Mainpuri News: मैनपुरी के औंछा थाना क्षेत्र में जमीन का बैनामा कराने के लिए एक बुजुर्ग को कथित तौर पर छह दिन तक बंधक बनाए रखने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बुजुर्ग पर एक फौजी के नाम जमीन का बैनामा करने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। 27 सितंबर की रात पहरेदारी कर रहे आरोपी शराब के नशे में सो गए, जिसके बाद बुजुर्ग मौका पाकर वहां से भाग निकले।

बुजुर्ग के बेटे ब्रेसव सिंह ने मंगलवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उनका आरोप है कि 21 सितंबर को सुदेश कुमार, महेश चंद्र, डालचंद और संजू समेत कुछ लोग उनके पिता को जबरन गाड़ी में डालकर ले गए थे। पहले उन्हें कन्नौज के मिश्रापुर में रखा गया और बाद में मैनपुरी में शैलू चौहान के घर के एक कमरे में बंद कर दिया गया।

ब्रेसव सिंह के मुताबिक, कमरे में बंद रखने के दौरान उनके पिता पर फौजी के नाम जमीन का बैनामा करने का दबाव बनाया जाता था। फौजी और उसका साला उनकी निगरानी करते थे। बैनामा करने से इनकार करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी जाती थी। परिजनों ने बुजुर्ग के हाथ-पैर पर चोट के निशान होने की भी बात कही है। आरोप है कि 27 सितंबर को सुदेश, डालचंद, महेश, संजू और शैलू चौहान ने शराब पी। बुजुर्ग को भी शराब पिलाई गई, लेकिन उन्होंने थोड़ी शराब पीने के बाद बाकी शराब अलग कर दी। रात में सभी आरोपी नशे में सो गए। इसी दौरान बुजुर्ग ने धीरे से कमरे का गेट खोला और वहां से निकल गए।

बंधक से निकलने के बाद बुजुर्ग रातभर इधर-उधर घूमते और छिपते रहे। सुबह एक मकान के पास पहुंचने पर वहां के मालिक ने उन्हें अपने पास बैठाया। इसके बाद उन्होंने किसी व्यक्ति के फोन से बेटे को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर ब्रेसव सिंह उन्हें लेने पहुंचे। बेटे का कहना है कि 21 सितंबर को ही औंछा थाने में भी प्रार्थना पत्र दिया गया था। अब एसपी से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

asrafansarietw62@gmail.com
Next Story