TRENDING TAGS :
Mainpuri News: 5 साल से पैमाइश के लिए भटक रहा किसान, राजस्व कर्मियों पर रिश्वत व मारपीट का आरोप
Mainpuri News: मैनपुरी में 5 साल से जमीन की पैमाइश के लिए भटक रहा किसान। राजस्व कर्मचारियों पर रिश्वत लेने और मारपीट का आरोप, डीएम से लगाई न्याय की गुहार।
Mainpuri News: मैनपुरी में कुरावली तहसील क्षेत्र के ग्राम बाबलपुर निवासी हरी किशोर अपनी जमीन की पैमाइश और कब्जा दिलाने के लिए पिछले पांच साल से तहसील के चक्कर काट रहे हैं। आरोप है कि राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने जमीन का काम कराने के नाम पर उनसे हजारों रुपये ले लिए, लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप है। रविवार दोपहर करीब एक बजे पीड़ित जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा और अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई।
हरी किशोर के मुताबिक, गांव में उनकी कुल 13 बीघा जमीन है। इसमें से करीब पांच बीघा पर उनका कब्जा है, जबकि शेष जमीन पर कब्जा दिलाने के लिए वह लंबे समय से राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के चक्कर लगा रहे हैं। उनका आरोप है कि शुरुआत में तत्कालीन लेखपाल रेखा ने खेत की पैमाइश नहीं होने की बात कहकर मेड़बंदी कराने की सलाह दी थी। इसके बाद मेड़बंदी का आवेदन निरस्त हो गया। फिर धारा 30(2) के तहत कार्रवाई कराने के नाम पर भी उन्हें करीब ढाई साल तक परेशान किया गया।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि तत्कालीन कानूनगो ब्रजभूषण ने उनसे 15 हजार रुपये और लेखपाल अभिषेक ने पांच हजार रुपये लिए थे। इसके बावजूद जमीन की पैमाइश नहीं कराई गई। वर्तमान कानूनगो दुबे से भी कई बार शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। हरी किशोर का आरोप है कि राजस्व कर्मचारी विपक्षियों से मिलीभगत कर जानबूझकर जमीन का मामला लटकाए हुए हैं।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी से शिकायत करने पर कानूनगो ब्रजभूषण ने रुपये वापस करने का आश्वासन दिया था, लेकिन रकम नहीं लौटाई गई। आरोप है कि इसके बाद ब्रजभूषण और लेखपाल ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और थप्पड़ मारे। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया।पीड़ित ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जमीन की पैमाइश कराकर शेष हिस्से पर कब्जा दिलाने और आरोपित राजस्व कर्मचारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।


