Mainpuri News: लेखपाल संघ का धरना 15 दिन के लिए स्थगित, प्रशासन ने दिया मांगों के समाधान का आश्वासन

Mainpuri News: मैनपुरी में लेखपाल संघ का धरना 15 दिन के लिए स्थगित, प्रशासन ने मांगों के समाधान का आश्वासन दिया।

Ashraf Ansari
Published on: 20 Aug 2026 7:32 PM IST
Mainpuri News
X

Mainpuri News(Photo-Social Media)

Mainpuri News: मैनपुरी में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की ओर से विभिन्न मांगों को लेकर चल रहा धरना प्रदर्शन प्रशासन के सकारात्मक आश्वासन के बाद 15 दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। तहसील प्रशासन ने लेखपाल संघ की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए जल्द समाधान का भरोसा दिलाया है। इसके बाद संघ पदाधिकारियों ने फिलहाल आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया।

प्रशासन की ओर से निलंबित लेखपाल भानु प्रताप के मामले में प्रत्यावेदन प्राप्त होने पर नियमानुसार सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया गया है। इसके अलावा वर्ष 2016 में नियुक्त लेखपालों को एसीपी का लाभ दिलाने, लंबित वेतन निर्धारण के मामलों का निस्तारण करने और ई-डिस्ट्रिक्ट का अप्रैल 2024 से मार्च 2026 तक का बकाया मानदेय भुगतान कराने की बात कही गई है।

लेखपालों की अन्य समस्याओं में मानव संपदा पोर्टल पर अर्जित अवकाश की सही प्रविष्टि और लंबित वित्तीय स्तरोन्नयन के मामलों को भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने का आश्वासन प्रशासन ने दिया है। संघ की ओर से लंबे समय से इन मामलों के समाधान की मांग की जा रही थी।

इसके साथ ही सेवानिवृत्त होने वाले लेखपाल सुशील चंद्र के देयकों का भुगतान तथा लेखपाल प्रज्ञादीप से संबंधित जीपीएफ और एनपीएस के प्रकरणों का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही गई है। प्रशासन ने लेखपालों की समस्याओं के समाधान के लिए संघ पदाधिकारियों के साथ पाक्षिक बैठकें आयोजित करने का भी आश्वासन दिया है, ताकि समस्याओं पर नियमित रूप से चर्चा कर उनका समाधान किया जा सके।

प्रशासन के इस रुख के बाद लेखपाल संघ ने अपना धरना प्रदर्शन फिलहाल 15 दिनों के लिए स्थगित कर दिया। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि यदि आश्वासन के अनुसार समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा। धरना स्थगित किए जाने के दौरान जिला अध्यक्ष मनोज गुप्ता, जिला मंत्री भानु प्रताप, मंत्री पुष्पेंद्र सिंह चौहान, श्याम कुमार गुप्ता, ज्ञानदीप, सुमित कुमार, ललित किशोर, भूपेंद्र सिंह, शिवांगी, नसी गोस्वामी, प्रीति यादव और पूजा सहित बड़ी संख्या में लेखपाल मौजूद रहे।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

asrafansarietw62@gmail.com
Next Story