Mainpuri News: ऑपरेशन दहन से नशा माफियाओं पर करारा वार, मैनपुरी में 1545 किलो नशीले पदार्थ नष्ट

Mainpuri News: ऑपरेशन दहन के तहत मैनपुरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1545 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ नष्ट किए। करीब 7.64 करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थों को उच्च सुरक्षा और पर्यावरण मानकों के तहत इंसीनरेटर में जलाकर खत्म किया गया

Ashraf Ansari
Published on: 27 May 2026 7:33 PM IST
Mainpuri News: ऑपरेशन दहन से नशा माफियाओं पर करारा वार, मैनपुरी में 1545 किलो नशीले पदार्थ नष्ट
X

Mainpuri News: मैनपुरी पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन दहन’ के अंतर्गत करीब 1545 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थों को नष्ट कर दिया। नष्ट किए गए इन नशीले पदार्थों की अनुमानित कीमत लगभग 7 करोड़ 64 लाख 66 हजार 60 रुपये बताई जा रही है। पुलिस प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि जिले में नशे का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश शासन और पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर मैनपुरी पुलिस लगातार नशा मुक्त समाज बनाने की दिशा में अभियान चला रही है। इसी क्रम में थाना करहल और औंछा में दर्ज कुल 66 मुकदमों से संबंधित जब्त मादक पदार्थों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद नष्ट किया गया। इनमें लगभग 1483 किलोग्राम गांजा, 150 ग्राम स्मैक, 600 ग्राम चरस, 58.32 किलोग्राम डोडा और 2.102 किलोग्राम डायजापाम शामिल था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी मामलों में न्यायालय के आदेश, अपील और रिवीजन की निर्धारित समय सीमा पूरी होने के बाद एनडीपीएस एक्ट कधारा 52ए के तहत आवश्यक प्रक्रिया अपनाई गई। इसके बाद गठित ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में इन मादक पदार्थों को नष्ट कराया गया।

यह पूरी कार्रवाई गदेरी स्थित ग्रीन हाउस वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड प्लांट में संपन्न हुई, जहां पर्यावरण मानकों का पालन करते हुए उच्च क्षमता वाले इंसीनरेटर के माध्यम से नशीले पदार्थों को जलाकर नष्ट किया गया। पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए और पारदर्शिता बनाए रखी गई।

इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिषेक तिवारी भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन दहन’ केवल मादक पदार्थों को नष्ट करने की कार्रवाई नहीं है, बल्कि यह नशा तस्करों और अपराधियों के लिए एक कड़ा संदेश है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की दलदल में धकेलने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस की इस कार्रवाई को नशा माफियाओं के खिलाफ बड़ी मुहिम माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी इसी तरह अभियान चलाकर अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगाने का प्रयास जारी रहेगा।

Harsh Sharma

Harsh Sharma

Content Writer Mail ID - harsha4avan@gmail.com

Harsh Sharma is a Content Writer at Newstrack.com.

Next Story