TRENDING TAGS :
Mainpuri News: डाककर्मी की आत्महत्या से बवाल, सुसाइड नोट में उत्पीड़न के आरोप; गिरफ्तारी की मांग तेज
Mainpuri News: मैनपुरी में ग्रामीण डाक सेवक निखिल वर्मा की आत्महत्या के बाद सुसाइड नोट में अधिकारियों पर उत्पीड़न के आरोप लगाए गए। घटना के बाद डाककर्मियों ने प्रदर्शन कर दोषी अधिकारियों की गिरफ्तारी की मांग की।
Mainpuri News
Mainpuri News: मैनपुरी जिले में ग्रामीण डाक सेवक निखिल वर्मा की आत्महत्या का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। आत्महत्या से पहले छोड़े गए सुसाइड नोट में विभाग के दो अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद डाक विभाग के कर्मचारियों और परिजनों में भारी आक्रोश है। शुक्रवार को सैकड़ों डाककर्मी और मृतक के परिजन सड़कों पर उतर आए और दोषी अधिकारियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार बिछवां थाना क्षेत्र के निवासी 26 वर्षीय ग्रामीण डाक सेवक निखिल वर्मा ने गुरुवार को अपने घर से लगभग 200 मीटर दूर एक कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें डाक अधीक्षक एस.के. शुक्ला और मेल ओवरसियर श्याम तिवारी पर मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए गए थे।पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शुक्रवार सुबह तक अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी भोगांव रामकृष्ण द्विवेदी मौके पर पहुंचे और निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए और मृतक का अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया।
अंतिम संस्कार के बाद मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में डाक कर्मचारी कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर नारेबाजी की तथा जिलाधिकारी इन्द्रमणि त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपकर दोनों अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने डाक अधीक्षक कार्यालय का घेराव कर धरना भी दिया।प्रदर्शन कर रहे डाक सेवक अतुल तोमर ने आरोप लगाया कि निखिल वर्मा पर लगातार काम का दबाव बनाया जाता था। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी कर्मचारियों का मानसिक शोषण करते थे और ट्रांसफर सहित अन्य कार्यों के नाम पर धन की मांग भी करते थे। उनका दावा है कि निखिल से भी 30 हजार रुपये मांगे गए थे।
वहीं, निखिल की सहकर्मी काजल रानी ने बताया कि आत्महत्या से करीब आधा घंटा पहले निखिल ने उन्हें संदेश भेजकर अपनी जेब में रखे एक नोटिस को निकालने के लिए कहा था। बाद में जब उन्होंने संपर्क करने की कोशिश की, तब उन्हें निखिल की आत्महत्या की जानकारी मिली।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सुसाइड नोट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने पूरे डाक विभाग में शोक और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।


