Dimple Yadav News: मैनपुरी में गरजीं सपा सांसद डिंपल यादव, केंद्र और प्रदेश सरकार पर साधा निशाना

Dimple Yadav News: मैनपुरी में समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने राम मंदिर चंदा मामले, पेपर लीक, सामाजिक सौहार्द, शिक्षा व्यवस्था और लोकतांत्रिक मूल्यों को लेकर केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने निष्पक्ष जांच, जवाबदेही और युवाओं के हित में ठोस कदम उठाने की मांग की।

Ashraf Ansari
Published on: 27 Jun 2026 7:56 PM IST (Updated on: 27 Jun 2026 8:06 PM IST)
Dimple Yadav News
X

Dimple Yadav News

Dimple Yadav News: मैनपुरी में समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर कई अहम मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने राम मंदिर चंदा मामले, पेपर लीक, सामाजिक सौहार्द, शिक्षा व्यवस्था और लोकतांत्रिक मूल्यों जैसे विषयों पर सरकार को घेरते हुए निष्पक्ष कार्रवाई और जवाबदेही की मांग की।राम मंदिर चंदा मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए डिंपल यादव ने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि यदि भगवान राम के नाम पर एकत्रित धन में किसी भी प्रकार की अनियमितता हुई है तो दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

उनका कहना था कि इस तरह के मामलों में किसी भी स्तर पर पक्षपात नहीं होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि देश में बड़ी घटनाओं पर शीर्ष नेताओं की चुप्पी जनता के मन में कई सवाल खड़े करती है। लखनऊ कोचिंग सेंटर हादसे और अन्य संवेदनशील मामलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को पीड़ितों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाना चाहिए।

पेपर लीक की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए डिंपल यादव ने कहा कि अब यह एक सामान्य समस्या बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है, जिससे छात्रों और युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उनके अनुसार, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और युवाओं की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है। फिरोजाबाद में ताजियों की लंबाई मापे जाने के मुद्दे पर उन्होंने सरकार पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि सत्ता पक्ष ऐसी राजनीति कर रहा है, जिससे समाज में विभाजन की स्थिति पैदा हो रही है।

भाजपा के प्रदेश संगठन विस्तार पर टिप्पणी करते हुए डिंपल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी लंबे समय से सामाजिक प्रतिनिधित्व के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। उनके अनुसार, सपा में दलित, पिछड़े और मुस्लिम समाज को पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिला है। वहीं, उद्धव ठाकरे के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि चुने हुए जनप्रतिनिधियों को दूसरी पार्टियों में शामिल कराना मतदाताओं के जनादेश का सम्मान नहीं है। वहीं, पूजा पाल के बयान पर उन्होंने संक्षिप्त प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह इस प्रकार की बातें करती रहती हैं।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

Next Story