TRENDING TAGS :
Mainpuri: दहेज उत्पीड़न से परेशान शिक्षिका ने एसपी से लगाई गुहार, तीन माह के बेटे को छीनने का दावा
Mainpuri News: मैनपुरी में एक शिक्षिका ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और तीन माह के बेटे को जबरन छीनने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसपी से शिकायत कर कानूनी कार्रवाई और बच्चे को वापस दिलाने की मांग की है।
Mainpuri News
Mainpuri News: मैनपुरी में एक शिक्षिका ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और तीन माह के मासूम बेटे को जबरन अपने पास रखने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और अपने बच्चे को वापस दिलाने की मांग की है। मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
मुरलीनगर निवासी शिक्षिका ऋषिका राजपूत ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी शादी 22 अप्रैल 2024 को कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रूपपुर निवासी आशीष राजपूत के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। ऋषिका ने बताया कि वह स्वयं शिक्षिका हैं और उनके पति भी शिक्षक हैं, लेकिन इसके बावजूद उनके साथ लगातार दुर्व्यवहार किया गया।पीड़िता के अनुसार, गर्भवती होने के बाद भी उन्हें पर्याप्त देखभाल नहीं मिली। 18 फरवरी 2026 को उन्होंने जिला अस्पताल में एक पुत्र को जन्म दिया। बच्चे की तबीयत खराब होने पर उसे सैफई आयुर्विज्ञान संस्थान रेफर किया गया था। कुछ समय बाद अस्पताल से छुट्टी मिलने पर जब वह ससुराल पहुंचीं, तो वहां भी उनके साथ उपेक्षा का व्यवहार किया गया।
ऋषिका का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने बच्चे को उनसे अलग कर दिया और मां को बच्चे से मिलने तक नहीं दिया जाता था। उन्होंने बताया कि बच्चे को दूध पिलाने के लिए भी उन्हें काफी देर इंतजार करना पड़ता था और थोड़ी देर के लिए ही बच्चा उनकी गोद में दिया जाता था।पीड़िता ने आरोप लगाया कि 3 मई 2026 को ससुराल पक्ष ने तीन माह के बेटे को छीनकर उन्हें घर से निकाल दिया। इसके बाद 16 मई को जब उनका भाई उन्हें ससुराल छोड़ने गया, तब वहां दोबारा मारपीट की गई और शाम को फिर बच्चा छीनकर उन्हें घर से बाहर कर दिया गया।महिला ने एसपी से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने तथा अपने बेटे को वापस दिलाने की मांग की है।


