Mainpuri News: वंश कश्यप हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, धरने पर बैठा पीड़ित परिवार

Mainpuri News: मैनपुरी में चर्चित वंश कश्यप हत्याकांड में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज पीड़ित परिवार टिकोनिया पार्क में धरने पर बैठ गया।

Ashraf Ansari
Published on: 18 May 2026 3:52 PM IST
Mainpuri News: वंश कश्यप हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, धरने पर बैठा पीड़ित परिवार
X

Mainpuri News

Mainpuri News: मैनपुरी में चर्चित वंश कश्यप हत्याकांड एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। मामले में अब तक नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज पीड़ित परिवार ने आंदोलन शुरू कर दिया है। सोमवार को मृतक वंश कश्यप के पिता केशव कश्यप अपने परिवार और समर्थकों के साथ टिकोनिया पार्क में धरने पर बैठ गए। परिवार का आरोप है कि प्रशासन और पुलिस इस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं तथा प्रभावशाली लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है। धरने के दौरान परिवार ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग उठाई।

पीड़ित पिता केशव कश्यप ने बताया कि उनके पुत्र वंश कश्यप की हत्या 22 नवंबर 2025 को हुई थी। इस मामले में 23 नवंबर 2025 को सुदिति ग्लोबल एकेडमी, मैनपुरी के प्रबंधक एवं निदेशक लवमोहन सहित स्कूल स्टाफ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके बावजूद अब तक किसी भी नामजद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।धरने पर बैठे परिजनों का कहना है कि आरोपी पक्ष रसूखदार और प्रभावशाली है, जिसके चलते पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई करने से बच रही है। परिवार ने आरोप लगाया कि उन पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है और विरोध करने पर जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं। केशव कश्यप ने कहा कि वे एक गरीब परिवार से हैं, इसलिए उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

पीड़ित परिवार ने यह भी बताया कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 9 अप्रैल 2026 को मामले की निष्पक्ष विवेचना के आदेश दिए थे। आदेश की प्रति पुलिस अधीक्षक समेत संबंधित अधिकारियों को भेजी जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।वंश कश्यप की मां ने बताया कि उनका बेटा सुबह अपने पिता के साथ सुरक्षित स्कूल गया था, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत की सूचना मिली। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर उनका बेटा स्कूल परिसर में कैसे मौत का शिकार हो गया। परिवार का आरोप है कि स्कूल प्रशासन घटना की सच्चाई छिपा रहा है और अब तक सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध नहीं कराई गई है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से न्याय दिलाने की मांग की है।

Shalini singh

Shalini singh

Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

Next Story