TRENDING TAGS :
Mainpuri News: मैनपुरी में महिला ने जेठ पर मारपीट और जान से मारने की धमकी का लगाया आरोप
Mainpuri News: मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र की रहने वाली अनीता देवी ने अपने जेठ पर मारपीट, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है।
Mainpuri News
Mainpuri News: मैनपुरी जिले के किशनी थाना क्षेत्र के कमलनेर गांव की रहने वाली अनीता देवी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपने जेठ और उसके साथियों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। अनीता देवी का कहना है कि उनके साथ मारपीट, अभद्रता और जान से मारने की धमकी दी गई, जिससे वह और उनके छोटे बच्चे भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
अनीता देवी द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायत पत्र के अनुसार, 14 जुलाई को उनके जेठ जैविक शर्मा पुत्र नट्टू शर्मा तथा पूनम पुत्र जानकी प्रसाद शर्मा शराब के नशे में उनके घर पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। घटना के दौरान उन्होंने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की।पीड़िता का आरोप है कि पुलिस के लौटते ही आरोपी दोबारा आ गए और तमंचा निकालकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद वह काफी डर गईं और सुरक्षा के अभाव में कुछ समय तक अपने ही घर नहीं जा सकीं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के समय आरोपियों के साथ पांच अज्ञात व्यक्ति भी मौजूद थे, जिन्होंने उन्हें डराने और धमकाने का प्रयास किया।
अनीता देवी ने बताया कि उनके पति स्वर्गीय उदयवीर शर्मा का निधन हो चुका है। वह अपने चार छोटे बच्चों के साथ अकेले रहकर परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं। उनका कहना है कि पति की मृत्यु के बाद से उनके जेठ लगातार उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं और आए दिन विवाद खड़ा करते हैं।शिकायत पत्र में अनीता देवी ने बताया जैविक शर्मा का नाम किशनी थाने की हिस्ट्रीशीटर सूची में दर्ज है और वह अपराधी प्रवृत्ति का व्यक्ति है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, उनकी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा उन्हें और उनके बच्चों को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।


