Mainpuri News: शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, युवती ने एसपी से मांगा न्याय

Mainpuri News: मैनपुरी में युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर दो साल तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसपी कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई और न्याय की गुहार लगाई है।

Ashraf Ansari
Published on: 25 Jun 2026 7:47 PM IST
Mainpuri News: शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, युवती ने एसपी से मांगा न्याय
X

Mainpuri News

Mainpuri News: मैनपुरी जिले में शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ कथित दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि गांव के ही एक युवक ने करीब दो वर्षों तक शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब वह गर्भवती हो गई और उसने शादी या कोर्ट मैरिज की बात कही, तब आरोपी अपने वादे से मुकर गया। न्याय न मिलने पर युवती ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और आरोपी सहित उसके सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामला किशनी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

पीड़िता के अनुसार, आरोपी युवक लगातार उसे शादी का भरोसा देता रहा और इसी विश्वास में उसने संबंध बनाए। बाद में जब उसने गर्भावस्था की जानकारी दी, तो आरोपी ने गर्भपात कराने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसके बाद आरोपी बिना किसी सूचना के दिल्ली चला गया।युवती का कहना है कि वह आरोपी का पता लगाकर दिल्ली पहुंची, जहां उसने नौकरी शुरू कर दी। इस दौरान आरोपी लगातार शादी का आश्वासन देता रहा। आरोप है कि उसने केवल आधार कार्ड में नाम जुड़वाने का भरोसा देकर गांव ले जाने की बात कही, लेकिन बाद में इस वादे से भी मुकर गया।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि गांव लौटने के बाद आरोपी के कुछ सहयोगियों ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया। उसने मदद के लिए डायल-112 पर कॉल की, लेकिन इसके बावजूद उसके साथ कथित तौर पर छेड़छाड़, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई। साथ ही आरोपी और उसके साथियों पर बिछुआ, पायल, 2,500 रुपये तथा 12 हजार रुपये नकद सहित अन्य सामान ले जाने का भी आरोप लगाया गया है।

पीड़िता का कहना है कि उसने दो बार किशनी थाने में शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत की और निष्पक्ष जांच के साथ आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

Next Story