TRENDING TAGS :
Mainpuri News: मारपीट की शिकायत लेकर एसपी कार्यालय पहुंची महिला, चार लोगों पर लगाए गंभीर आरोप
Mainpuri News: मैनपुरी के दन्नाहार थाना क्षेत्र में एक महिला ने गांव के चार लोगों पर मारपीट, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसपी कार्यालय पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
Mainpuri News
Mainpuri News: मैनपुरी जनपद के दन्नाहार थाना क्षेत्र के नगला कोंडर गांव में एक महिला के साथ कथित मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने गांव के ही चार लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि थाना पुलिस उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही है और लगातार समझौते का दबाव बना रही है। मामले को लेकर गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
एसपी को दिए गए शिकायती पत्र में नगला कोंडर निवासी सावित्री देवी पत्नी इतवारीलाल ने बताया कि घटना 18 अप्रैल 2026 की सुबह करीब छह बजे की है। उस समय वह अपने घर के पास बनी नाली से भूसा और कूड़ा-कचरा साफ कर रही थीं। तभी गांव के ही अवनीश कुमारी, मनोज कुमार, अजय कुमार और रेखा देवी वहां पहुंच गए। आरोप है कि पहले सभी ने महिला के साथ गाली-गलौज की और उसके बाद मारपीट शुरू कर दी।पीड़िता के अनुसार आरोपियों ने उन्हें जमीन पर घसीटा, कपड़े फाड़ दिए और सिर पर किसी धारदार वस्तु से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गईं। घटना के दौरान बच्चों के शोर मचाने पर उनके पति इतवारीलाल और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद विवाद शांत हुआ।
महिला के पति ने तत्काल यूपी-112 पुलिस को सूचना दी थी। पीड़िता का कहना है कि पुलिस मौके पर पहुंची जरूर, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। महिला ने आरोप लगाया कि थाना पुलिस लगातार समझौते का दबाव बना रही है।पीड़िता ने यह भी बताया कि घटना के बाद आरोपी पक्ष रास्ते में रोककर धमकियां दे रहा है और जान से मारने की बात कह रहा है। उन्होंने बताया कि इससे पहले 16 मई को भी पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र दिया गया था, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब पीड़िता ने एसपी से दन्नाहार थाना में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है।


