TRENDING TAGS :
Mainpuri News: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर मैनपुरी में महिला एवं प्रबुद्ध वर्ग संवाद कार्यक्रम आ
Mainpuri News: मैनपुरी में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर महिला एवं प्रबुद्ध वर्ग संवाद कार्यक्रम, महिला सशक्तिकरण पर जोर।
Mainpuri News
Mainpuri News: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जनपद के कलेक्ट्रेट सभागार में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में महिला एवं प्रबुद्ध वर्ग संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष ममता राजपूत ने महिलाओं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, जनप्रतिनिधियों तथा प्रबुद्धजनों को संबोधित करते हुए महिला सशक्तिकरण और बेटियों की शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया।
अपने संबोधन में ममता राजपूत ने कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र की वास्तविक प्रगति तभी संभव है जब महिलाएं शिक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त हों। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण आज केवल एक नारा नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का मजबूत आधार बन चुका है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं और अभिभावकों से बेटियों को शिक्षा और सम्मान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह विषय पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक की सराहना करते हुए ममता राजपूत ने कहा कि बाल विवाह जैसी कुरीतियां समाज के विकास में बड़ी बाधा हैं। उन्होंने बताया कि कम उम्र में विवाह होने से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य प्रभावित होता है, वहीं बालिकाओं की शिक्षा और आत्मनिर्भरता के अवसर भी सीमित हो जाते हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे विवाह में अनावश्यक खर्च करने के बजाय बेटियों की शिक्षा और कौशल विकास पर निवेश करें, जिससे वे भविष्य में आत्मनिर्भर बनकर परिवार और समाज का नाम रोशन कर सकें।
जिलाध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से महिलाओं और बेटियों के उत्थान के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान, ‘प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना’, ‘स्वच्छ भारत मिशन’, ‘प्रधानमंत्री सुकन्या समृद्धि योजना’ तथा ‘जन-धन योजना’ जैसी योजनाओं को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी स्थिति में सकारात्मक बदलाव आया है।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी एवं मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने भी विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और पोषण किट वितरित किए। इस दौरान अन्नप्राशन, गोद भराई, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना से जुड़े लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, गर्भवती एवं धात्री महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।


