Mainpuri News: तमंचा हाथ में लेकर फोटो खिंचवाना पड़ा भारी! युवक की तस्वीर वायरल, पुलिस जांच में जुटी

Mainpuri News: मैनपुरी में तमंचे के साथ युवक की फोटो वायरल, पुलिस ने शुरू की पहचान और हथियार की जांच

Ashraf Ansari
Published on: 7 Sept 2026 10:04 AM IST
Mainpuri News: तमंचा हाथ में लेकर फोटो खिंचवाना पड़ा भारी! युवक की तस्वीर वायरल, पुलिस जांच में जुटी
X

Mainpuri News

Mainpuri News: मैनपुरी जिले में सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के प्रदर्शन का सिलसिला एक बार फिर सामने आया है। पुलिस की ओर से लगातार कार्रवाई और निगरानी के बावजूद तमंचा हाथ में लिए एक युवक की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। तस्वीर सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस युवक की पहचान के साथ-साथ फोटो में दिखाई दे रहे हथियार और तस्वीर के वायरल होने की पूरी जानकारी जुटा रही है।

वायरल तस्वीर में एक युवक हाथ में तमंचा पकड़े हुए दिखाई दे रहा है। सोशल मीडिया पर उसकी पहचान कृष्णा के नाम से बताई जा रही है। दावा है कि युवक शहर कोतवाली क्षेत्र के गोला बाजार का रहने वाला है और उसकी उम्र करीब 20 से 22 वर्ष के बीच है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक वायरल फोटो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

तस्वीर को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। आशंका जताई जा रही है कि सोशल मीडिया पर हथियार के साथ फोटो डालने का मकसद इलाके में दबदबा या डर का माहौल बनाना हो सकता है। हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने से पहले इस संबंध में किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचना चाहती। पुलिस यह पता कर रही है कि तस्वीर हाल की है या पुरानी और इसे सोशल मीडिया पर किस अकाउंट से तथा कब पोस्ट किया गया।

इसके अलावा पुलिस फोटो में नजर आ रहे तमंचे की भी जांच कर रही है। यदि जांच में युवक की पहचान और हथियार के संबंध में लगाए जा रहे आरोप सही पाए जाते हैं तो उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा सकती है।

गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले भी मैनपुरी पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया था। तत्कालीन एसपी गणेश प्रसाद साहा ने ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। अभियान के बाद कुछ समय तक इस तरह की तस्वीरों में कमी देखने को मिली थी, लेकिन अब दोबारा तमंचे के साथ फोटो सामने आने से पुलिस की सोशल मीडिया निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

सीओ सिटी अशोक कुमार ने बताया कि वायरल फोटो के संबंध में जानकारी सामने आई है। तस्वीर में नजर आ रहे युवक की पहचान कराई जा रही है। जांच के दौरान मामला सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस फिर से अभियान चलाएगी।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

asrafansarietw62@gmail.com
Next Story