TRENDING TAGS :
Mainpuri News: मैनपुरी में 5 से 21 जून तक ‘सेवा पखवाड़ा’ जनसमस्याओं के समाधान हेतु आयोजित
Mainpuri News: मैनपुरी में 5 से 21 जून तक ‘सेवा पखवाड़ा’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जनसमस्याओं के समाधान, स्वच्छता अभियान, सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार, किसान सम्मेलन और योग दिवस कार्यक्रम शामिल होंगे।
Mainpuri News
Mainpuri News: मैनपुरी जनपद में आम जनता तक सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक सेवाओं का लाभ सीधे पहुंचाने के उद्देश्य से 5 जून से 21 जून तक ‘सेवा पखवाड़ा’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस संबंध में जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अभियान के दौरान ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ लोगों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों और संबंधित विभागों को विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। अभियान के अंतर्गत नालियों एवं गलियों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करना तथा कूड़ा उठान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बरसात के मौसम को देखते हुए मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए एंटी-लार्वा छिड़काव और फॉगिंग को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही कांशीराम आवासीय कॉलोनियों और जलभराव वाले संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।
सेवा पखवाड़ा के दौरान 5 से 21 जून तक प्रत्येक वार्ड में “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत वार्ड स्तरीय चौपालों का आयोजन किया जाएगा। ये चौपालें शाम 7 बजे के बाद सार्वजनिक स्थानों पर लगेंगी, जहां पेयजल, सफाई, स्ट्रीट लाइट, सड़क और जल निकासी जैसी समस्याओं की सुनवाई कर उनके त्वरित समाधान का प्रयास किया जाएगा।इसके अलावा 11 से 17 जून तक जिला मुख्यालय पर विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसमें चिकित्सकों, उद्यमियों, व्यापारियों, शिक्षाविदों और अधिवक्ताओं सहित विभिन्न वर्गों के लोगों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं 14 से 16 जून तक सभी विकास खंडों में त्रिदिवसीय जनकल्याण मेलों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें विभिन्न विभागों के स्टॉल, स्वास्थ्य शिविर तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
18 और 19 जून को प्राकृतिक खेती विषयक किसान सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें कम से कम 500 प्रगतिशील किसानों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। सेवा पखवाड़ा का समापन 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला स्टेडियम में आयोजित भव्य योग कार्यक्रम के साथ होगा।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को ग्राम स्तर तक प्रभावी जनसुनवाई अभियान चलाने, शिकायतों का रिकॉर्ड संधारित करने तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत की विकास पुस्तिका तैयार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों और योजनाओं की जानकारी व्यवस्थित रूप से उपलब्ध कराई जा सके।


