Mainpuri News: फर्नीचर दुकान में जबर्दस्त आग, लाखों का सामान राख

Mainpuri News: जनपद के करहल कस्बे में गिहार कॉलोनी के पास स्थित मोहम्मद शोएब की फर्नीचर की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते पूरी दुकान उसकी चपेट में आ गई

Ashraf Ansari
Published on: 30 May 2026 6:44 PM IST
Mainpuri Fire
X

Mainpuri Fire (Social Media).

Mainpuri: जनपद के करहल कस्बे में गिहार कॉलोनी के पास स्थित मोहम्मद शोएब की फर्नीचर की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते पूरी दुकान उसकी चपेट में आ गई और लाखों रुपये का फर्नीचर व अन्य सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुकान से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। आसपास के लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी करहल अजय सिंह चौहान तथा प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार पाण्डेय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

दुकान मालिक मोहम्मद शोएब ने बताया कि उन्हें मैनपुरी में रहते समय दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड को जानकारी दी, लेकिन उनका आरोप है कि सूचना देने के काफी समय बाद भी दमकल की गाड़ियां मौके पर नहीं पहुंचीं। उन्होंने कहा कि यदि फायर ब्रिगेड समय रहते पहुंच जाती तो आग पर जल्द काबू पाया जा सकता था और नुकसान भी कम होता।

बताया गया कि आग लगने के करीब दो घंटे बाद दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। इसके बाद मैनपुरी जनपद की पांच तथा सैफई से एक दमकल वाहन सहित कुल छह गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की भयावहता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की टीम भी लगातार मौके पर मौजूद रही।

सीओ करहल अजय सिंह चौहान ने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचे तब आग काफी विकराल रूप ले चुकी थी। दुकान में बड़ी मात्रा में फर्नीचर और प्लास्टिक का सामान रखा था, जिससे आग तेजी से फैल गई। उन्होंने बताया कि दमकल विभाग की टीम ने संयुक्त प्रयास से आग को बुझा दिया है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

वहीं, एसडीएम सुनीता सिंह ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर स्थानीय लोग शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण मान रहे हैं, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।

Ramkrishna Vajpei

Ramkrishna Vajpei

Mail ID - rkvajpei@gmail.com

An innovative journalist with great ideas

Next Story