TRENDING TAGS :
Mainpuri News : जेसीबी से पिलर तोड़ने के विरोध पर परिवार पर जानलेवा हमला, युवक गंभीर घायल
Mainpuri News: मैनपुरी में जेसीबी से पिलर तोड़ने के विरोध पर परिवार पर हमला, युवक गंभीर घायल; कई लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज।
Mainpuri News
Mainpuri News: मैनपुरी के भोगांव कोतवाली क्षेत्र के नरेनीपुर गांव में मकान के बाहर बने पक्के पिलर को जेसीबी मशीन से तोड़े जाने का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर कुछ लोगों ने धारदार हथियारों, लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित पक्ष ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, नरेनीपुर निवासी रोहित कुमार पुत्र राजेश सिंह ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके चाचा सुभाष चंद्र का मकान मुख्य मार्ग पर स्थित है।
आरोप है कि गांव के कुछ लोग जेसीबी मशीन लेकर पहुंचे और मकान के बाहर बने पक्के पिलर को तोड़ना शुरू कर दिया। जब परिवार के सदस्यों ने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। पीड़ित का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान रोहित कुमार अपने चाचा और चाची को बचाने के लिए मौके पर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने उन पर लाठी-डंडों के साथ-साथ कुल्हाड़ी और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में रोहित गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया है कि उनकी पीठ पर धारदार हथियार से वार किया गया, जिससे उन्हें गहरी चोटें आईं।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पीड़ित रोहित कुमार ने अपने प्रार्थना पत्र में पुष्पेंद्र पुत्र चोखेलाल, राममनोहर पुत्र रमेश चंद्र, नित्यानंद पुत्र कल्पनाथ सिंह तथा पुनीत पुत्र दशरथ सिंह सहित कुछ अन्य अज्ञात लोगों को नामजद किया है।
उनका आरोप है कि सभी आरोपी एकजुट होकर जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंचे थे और उन्होंने ही पिलर को क्षतिग्रस्त किया। पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।


