TRENDING TAGS :
Mainpuri News: कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सेवा और संवाद के साथ मनाया राहुल गांधी का जन्मदिन
Mainpuri News: मैनपुरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का जन्मदिन सेवा और संवाद कार्यक्रमों के साथ मनाया। इस अवसर पर जनसंपर्क, सामाजिक सेवा गतिविधियों और लोगों से संवाद के माध्यम से पार्टी की विचारधारा एवं जनहित के मुद्दों को सामने रखा गया।
Mainpuri News(Photo-Social Media)
Mainpuri News: उत्तर परदेस के मैनपुरी जनपद में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का जन्मदिन शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा उत्साह और सामाजिक सरोकारों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कार्यालय में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं ने केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। साथ ही राहुल गांधी के राजनीतिक जीवन, विचारधारा और जनहित से जुड़े मुद्दों पर एक विचार गोष्ठी का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोपाल कुलश्रेष्ठ ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी उन नेताओं में शामिल हैं जो सत्ता से अधिक जनता की आवाज को महत्व देते हैं। उन्होंने किसानों, युवाओं, मजदूरों, छात्रों और आम नागरिकों के मुद्दों को लगातार मजबूती से उठाया है। कुलश्रेष्ठ ने कहा कि कठिन राजनीतिक परिस्थितियों और चुनौतियों के बावजूद राहुल गांधी ने अपने सिद्धांतों और विचारों से कभी समझौता नहीं किया।
गोष्ठी के दौरान वक्ताओं ने राहुल गांधी के राजनीतिक सफर, शिक्षा, सामाजिक दृष्टिकोण और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर विस्तार से चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि राहुल गांधी का राजनीतिक योगदान केवल एक नेता तक सीमित नहीं है, बल्कि वह लोकतंत्र, संविधान, सामाजिक न्याय और देश की एकता में विश्वास रखने वाले करोड़ों लोगों की भावनाओं का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनके विचारों का केंद्र हमेशा आम आदमी, उसके सम्मान और अधिकारों की रक्षा रहा है। कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की। इस दौरान संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनहित के मुद्दों पर सक्रियता बढ़ाने का भी संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के समापन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता जिला अस्पताल मैनपुरी पहुंचे, जहां भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों को फल वितरित किए गए। कार्यकर्ताओं ने मरीजों का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। अस्पताल परिसर में मौजूद अन्य लोगों को भी फल बांटे गए। इस सेवा कार्य को जन्मदिन समारोह का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनसेवा और समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशीलता ही राहुल गांधी की राजनीति की पहचान है, और उसी भावना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।


