TRENDING TAGS :
Mainpuri News: समरसेबल चोरी का विरोध करने पर मां-बेटी से मारपीट, चार लोगों पर आरोप
Mainpuri News: मैनपुरी में समरसेबल चोरी का विरोध करने पर मां और बेटी के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने चार लोगों पर आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Mainpuri News(Photo-Social Media)
Mainpuri News: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जनपद के भोगांव थाना क्षेत्र की गिहार कॉलोनी में समरसेबल और केबल चोरी का विरोध करने पर एक महिला और उसकी बेटी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर चार लोगों के खिलाफ चोरी, मारपीट और धमकी देने के आरोप लगाए हैं तथा मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार गिहार कॉलोनी निवासी मीरा देवी पत्नी दिनेश चंद्र ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह अपने दूसरे मकान पर साफ-सफाई करने के लिए पहुंची थीं। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उनके घर में लगा समरसेबल और लगभग 60 मीटर केबल गायब है। जब उन्होंने आसपास जानकारी जुटाई तो पता चला कि मोहल्ले का ही एक युवक समरसेबल और केबल निकालकर ले गया है।
पीड़िता का आरोप है कि जब उन्होंने आरोपी युवक से इस संबंध में पूछताछ की और सामान वापस करने को कहा तो वह भड़क गया। इसके बाद आरोपी अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मौके पर पहुंच गया और गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी।
मीरा देवी का कहना है कि आरोपियों ने उनके साथ हाथ, थप्पड़ और डंडों से मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर उनकी बेटी शालू अपनी मां को बचाने के लिए मौके पर पहुंची, लेकिन आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। इस घटना में मां-बेटी दोनों को चोटें आई हैं।
घटना की सूचना फैलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों की भीड़ जुटने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद वह थाने पहुंची और पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस को सौंपी।
महिला ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ चोरी, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वहीं पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


