TRENDING TAGS :
Mainpuri News: नर्सिंग छात्रा की संदिग्ध मौत पर बवाल, गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार से इनकार
Mainpuri News: मैनपुरी में नर्सिंग छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया। आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया।
Mainpuri News(Photo-Social Media)
Mainpuri News: मैनपुरी के मटसेना थाना क्षेत्र स्थित एक नर्सिंग कॉलेज में जीएनएम प्रथम वर्ष की छात्रा प्रीति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मामला गरमा गया है। मृतका मैनपुरी जिले के औंछा थाना क्षेत्र के मदन गांव की रहने वाली थी। पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार देर रात शव गांव पहुंचते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने कॉलेज के प्रधानाचार्य और उनके बेटे की गिरफ्तारी तथा निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया।
मृतका के भाई रोहित कठेरिया ने पुलिस को दी तहरीर में गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके मुताबिक, प्रीति कॉलेज के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। आरोप है कि कॉलेज के प्रधानाचार्य सुरेंद्र दक्ष का बेटा यश दक्ष लंबे समय से उस पर गलत संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी। परिजनों का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में प्रधानाचार्य से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
तहरीर के अनुसार, 27 अक्टूबर की देर रात यश दक्ष ने प्रीति को जबरन हॉस्टल से बाहर बुलाया। परिजनों का आरोप है कि दुष्कर्म के प्रयास का विरोध करने पर प्रधानाचार्य और उनके बेटे ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया।
परिजनों ने बताया कि 28 अक्टूबर की सुबह कॉलेज से फोन कर उन्हें आपातकालीन पैरेंट्स मीटिंग के बहाने बुलाया गया। रास्ते में दोबारा फोन कर कॉलेज के बजाय पुलिस चौकी पहुंचने को कहा गया। वहां पुलिस ने पंचनामा रिपोर्ट पर हस्ताक्षर करने को कहा। जानकारी मांगने पर उन्हें बताया गया कि उनकी बेटी का शव रेलवे ट्रैक पर मिला है।
29 अक्टूबर को शिकायत के आधार पर फिरोजाबाद के संबंधित थाने में नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पोस्टमार्टम के बाद शव पैतृक गांव लाया गया। परिजनों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन मिलने तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। गांव में तनाव को देखते हुए औंछा थाना प्रभारी चंद्रपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद हैं। पुलिस परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है। मामले में पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।


