TRENDING TAGS :
Mainpuri News: आउटसोर्स संविदा कर्मचारियों का प्रदर्शन, बिना नोटिस हटाए गए एसएसओ की बहाली की मांग
Mainpuri News: मैनपुरी में आउटसोर्स संविदा कर्मचारियों ने बिना नोटिस हटाए गए एसएसओ की बहाली की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने प्रशासन से न्याय की अपील की।
Mainpuri News(Photo-Social Media)
Mainpuri News: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जनपद में विद्युत विभाग के आउटसोर्स संविदा कर्मचारियों ने कई एसएसओ (सब-स्टेशन ऑपरेटर) को बिना पूर्व सूचना ड्यूटी से हटाए जाने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने विभाग पर भ्रष्टाचार और मनमानी के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि विभागीय आदेश के अनुसार केवल 12 एसएसओ को हटाया जाना था, लेकिन दो डिवीजनों में लगभग 20 अनुभवी कर्मचारियों को कार्यमुक्त कर दिया गया। इससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी व्याप्त है। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि 25 मई तक हटाए गए कर्मचारियों की पुनः बहाली नहीं की गई, तो पूरे जिले में कार्य बहिष्कार किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी विभाग की होगी।
उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन संविदा कर्मचारी जिला कार्यकारिणी मैनपुरी के बैनर तले बड़ी संख्या में कर्मचारी अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों का कहना है कि जिले की विद्युत व्यवस्था पहले से ही कर्मचारियों की कमी से जूझ रही है। शासन स्तर पर पहले ही 40 प्रतिशत कटौती की जा चुकी है, जिसके कारण आउटसोर्स कर्मचारियों पर अतिरिक्त कार्यभार बढ़ गया है। ऐसे समय में अनुभवी कर्मचारियों को हटाया जाना बिजली व्यवस्था पर भी असर डाल सकता है।
संगठन के जिला महामंत्री विमल कुमार ने बताया कि 19 मई 2026 को बिना किसी पूर्व सूचना के कई एसएसओ को ड्यूटी से हटा दिया गया, जबकि हटाए गए कर्मचारियों में कई ऐसे लोग शामिल हैं जिन्होंने 55 वर्ष की आयु भी पूरी नहीं की है और जिनके खिलाफ कोई शिकायत दर्ज नहीं रही। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि पुराने और अनुभवी कर्मचारियों को हटाकर नए लोगों को लगाने की तैयारी की जा रही है, जो भ्रष्टाचार का हिस्सा है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सभी एसएसओ से शासनादेश के अनुसार 8 घंटे और 26 दिन कार्य लिया जाए तथा हटाए गए कर्मचारियों को तत्काल ड्यूटी पर वापस तैनात किया जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य संरक्षक सुबोध यादव, जिलाध्यक्ष सुनील यादव, जिला महामंत्री विमल कुमार, उपाध्यक्ष विनय, जोन अध्यक्ष अवनीश यादव, सबडिवीजन अध्यक्ष विवेक शर्मा, अशोक कुमार और रविकांत सहित बड़ी संख्या में संविदा कर्मचारी मौजूद रहे।


