TRENDING TAGS :
Mainpuri News: 18 मांगों पर फार्मेसिस्टों का धरना, हड़ताल की चेतावनी अब जारी
Mainpuri News: फार्मेसिस्टों ने सीएमओ पर पदनाम, वेतनमान, पदोन्नति और नियुक्ति की मांगें उठाईं। मांगें न मानी गईं तो हड़ताल की चेतावनी दी। 20 नवंबर को लखनऊ में धरना होगा।
18 मांगों पर फार्मेसिस्टों का धरना, हड़ताल की चेतावनी अब जारी (Photo- Newstrack)
Mainpuri News: मैनपुरी में डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर शुक्रवार को जिले के फार्मेसिस्टों ने अपनी 18 सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सरकार से मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशव्यापी आंदोलन के बाद हड़ताल की जाएगी।
धरने में जिला चिकित्सालय, जिला महिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत फार्मेसिस्ट, चीफ फार्मेसिस्ट और प्रभारी अधिकारी फार्मेसी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लंबे समय से उनकी मांगें लंबित हैं, लेकिन शासन स्तर पर समाधान नहीं किया जा रहा है।
संगठन की प्रमुख मांगों में फार्मेसिस्ट का पदनाम बदलकर फार्मेसी अधिकारी और चीफ फार्मेसिस्ट का पदनाम चीफ फार्मेसी अधिकारी करने की मांग शामिल है। इसके अलावा विशेष कार्याधिकारी फार्मेसी का पदनाम बदलकर सहायक निदेशक फार्मेसी करने, रिक्त पदों पर पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करने और वर्ष 2005 के बाद नियुक्त फार्मेसिस्टों की स्थायी वरिष्ठता सूची जारी करने की मांग उठाई गई।
फार्मेसिस्टों ने नियुक्ति के लिए शैक्षिक योग्यता में बदलाव, वेतनमान और ग्रेड पे बढ़ाने, सरकारी अस्पतालों में फार्मेसिस्टों के पदों का मानक निर्धारित करने तथा प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त पद सृजित करने की मांग भी रखी। साथ ही ड्रग वेयरहाउस से अस्पतालों तक दवाएं पहुंचाने के लिए सरकारी वाहनों की व्यवस्था और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में दवाओं के वितरण एवं रखरखाव की जिम्मेदारी प्रशिक्षित फार्मेसिस्टों को सौंपने की मांग की।
संगठन के सदस्यों ने बताया कि 20 नवंबर को प्रदेशभर के फार्मेसिस्ट लखनऊ में महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं के कार्यालय पर एक दिवसीय धरना देंगे। इसके बाद आंदोलन को आगे बढ़ाने और हड़ताल की रणनीति की घोषणा की जाएगी।
धरने में डॉ. जीके दीक्षित, डॉ. शिव मंगल सिंह, विदेश कुमार, भूपेंद्र सिंह, रामवीर सिंह, मनीष मिश्रा, जितेंद्र सिंह, विमलेश सिंह, प्रदीप कुमार, धर्मेंद्र सिंह, मनोज, ताराचंद, कृष्णपाल सिंह और रमने लाल सहित अन्य फार्मेसिस्ट मौजूद रहे।


