TRENDING TAGS :
Mainpuri News: ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश चंद्र लोधी का बिजली व्यवस्था में सुधार का दावा, जनता को राहत
Mainpuri News: मैनपुरी दौरे पर ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश चंद्र लोधी ने बिजली व्यवस्था में सुधार का दावा किया और सपा-कांग्रेस पर महिला अधिकारों व आरक्षण को लेकर हमला बोला।
ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश चंद्र लोधी का बिजली व्यवस्था में सुधार का दावा (Photo- Newstrack)
Mainpuri News: मैनपुरी: उत्तर प्रदेश के ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश चंद्र लोधी ने मैनपुरी दौरे के दौरान प्रदेश की बिजली व्यवस्था में सुधार का दावा करते हुए कहा कि सरकार उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी के कारण प्रदेश में बिजली की मांग में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है, जिससे कुछ क्षेत्रों में आपूर्ति प्रभावित हुई है। हालांकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर बिजली व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जा रही है और जल्द ही स्थिति में और सुधार देखने को मिलेगा।
जनता को राहत मिलेगी
मंत्री ने मैनपुरी में आयोजित समीक्षा बैठक का उल्लेख करते हुए कहा कि अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। बैठक के बाद विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी और जनता को राहत मिलेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार हर स्तर पर निगरानी कर रही है ताकि लोगों को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जा सके।
ऊर्जा राज्य मंत्री के आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक रामनरेश अग्निहोत्री सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रेसवार्ता के दौरान कैलाश चंद्र लोधी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध किया था, इसलिए महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की बात करने का नैतिक अधिकार उसे नहीं है। मंत्री ने कहा कि भाजपा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है।
आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष पर बरसे कैलाश चंद्र लोधी
आरक्षण के मुद्दे पर भी उन्होंने विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने सीमित वर्गों को लाभ पहुंचाने का कार्य किया, जबकि वर्तमान सरकार समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए समान रूप से काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता सरकार और विपक्ष दोनों के कार्यों का मूल्यांकन कर रही है और आने वाले चुनावों में इसका जवाब देगी।
कानून-व्यवस्था और एनकाउंटर के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में अपराधियों का दबदबा था, लेकिन वर्तमान सरकार ने अपराध और माफिया तंत्र के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की है। उनके अनुसार, अब उत्तर प्रदेश में अपराधियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और प्रदेश भयमुक्त वातावरण की ओर अग्रसर है। मंत्री ने कहा कि सरकार सुशासन, विकास और जनकल्याण के एजेंडे पर निरंतर कार्य कर रही है।


