TRENDING TAGS :
Mainpuri News: छह माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत, हत्या का आरोप लगा
Mainpuri News: मैनपुरी के करहल में छह माह की गर्भवती नवविवाहिता का शव ससुराल में बेड पर मिला। मायके पक्ष ने पति समेत ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया, पुलिस जांच में जुटी है।
छह माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत, हत्या का आरोप लगा (फाइल फोटो -मृतका) (Photo- Newstrack)
Mainpuri News: मैनपुरी के करहल थाना क्षेत्र में छह माह की गर्भवती नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव ससुराल के कमरे में बेड पर कंबल से ढका मिला। मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल के अन्य लोगों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से पति समेत ससुराल के अन्य सदस्यों के घर से गायब होने की बात सामने आई है।
इटावा जिले के वैदपुरा थाना क्षेत्र के हीरापुर निवासी रामवीर सिंह की 20 वर्षीय बेटी श्वेता की शादी 13 फरवरी 2025 को मैनपुरी के करहल थाना क्षेत्र के नगला अनिया निवासी ओंकार सिंह के बेटे तेज सिंह के साथ हुई थी। शादी को करीब नौ महीने हुए थे। श्वेता छह माह की गर्भवती थी।
मायके पक्ष के लोगों का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद होता रहता था। इसकी जानकारी मिलने पर परिजनों ने कई बार दोनों पक्षों को बैठाकर समझौता भी कराया था। इसके बावजूद उनके बीच विवाद खत्म नहीं हुआ।
श्वेता के चचेरे भाई सचिन ने बताया कि शनिवार रात करीब तीन बजे उनके चाचा को फोन पर घटना की जानकारी मिली। इसके बाद परिवार के लोग तत्काल नगला अनिया स्थित ससुराल पहुंचे। वहां घर पर कोई मौजूद नहीं था। गेट खोलकर अंदर जाने पर श्वेता बेड पर कंबल ओढ़े लेटी मिली। पास में एक धोती और कुर्सी रखी थी। करीब जाकर देखने पर उसकी मौत हो चुकी थी।
सचिन ने आरोप लगाया कि श्वेता ने फांसी नहीं लगाई, बल्कि उसकी गला दबाकर हत्या करने के बाद शव बेड पर रख दिया गया। उसके शरीर पर चोट और खून के निशान थे। गले पर तार या किसी अन्य वस्तु से कसने जैसे निशान दिखाई दे रहे थे।
मायके पक्ष के मुताबिक, श्वेता का ननद से अक्सर विवाद होता था। ननद और जेठानी भी एक पक्ष में रहती थीं। श्वेता का पति गुरुग्राम में क्रेन मशीन चलाता है। ससुराल में ननद, ससुर, जेठ और जेठानी रहते हैं। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद से सभी गायब हैं। पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया है। रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


