TRENDING TAGS :
Mainpuri News: ताली बजाने पर छात्र की पिटाई, मैनपुरी के स्कूल में शिक्षक पर गंभीर आरोप
Mainpuri News: मैनपुरी के करहल क्षेत्र स्थित निजी स्कूल में कक्षा के दौरान ताली बजाने पर शिक्षक ने छात्र को डंडे से पीटा, धमकी देने का भी आरोप, केस दर्ज
ताली बजाने पर छात्र की पिटाई, मैनपुरी के स्कूल में शिक्षक पर गंभीर आरोप (Photo- Newstrack)
Mainpuri News: मैनपुरी जनपद के करहल थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव धोबई स्थित शिक्षा सागर सीनियर सेकेंडरी स्कूल महालरपुर में शिक्षक द्वारा छात्र के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। घटना को लेकर न केवल छात्र और उसके परिजन बल्कि स्थानीय लोगों में भी रोष व्याप्त है। आरोप है कि कक्षा में मामूली बात पर शिक्षक ने छात्र के साथ न सिर्फ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, बल्कि डंडे से बेरहमी से उसकी पिटाई भी की। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कक्षा 9 में पढ़ने वाला छात्र सुमित शुक्रवार को स्कूल गया था। दोपहर के समय भौतिकी की कक्षा चल रही थी, इसी दौरान छात्र किसी गतिविधि के चलते कक्षा में ताली बजा रहा था। आरोप है कि इससे नाराज होकर भौतिकी के शिक्षक यूनिस खान ने छात्र को गालियां दीं और फिर डंडे से उसकी पीठ और कमर पर मारपीट की। छात्र का कहना है कि मारते समय शिक्षक ने उसे धमकाते हुए कहा, “आज या तो डंडा टूटेगा या तू मर जाएगा।” डंडे से की गई पिटाई के कारण छात्र को गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद सुमित किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को पूरी बात बताई। छात्र के पिता सर्वेश कुमार ने बताया कि जब उनका बेटा समय से घर नहीं पहुंचा तो वह स्कूल गए और जानकारी ली। इसके बाद पता चला कि स्कूल प्रशासन घायल छात्र को अपनी गाड़ी से मेडिकल जांच के लिए ले गया था और शाम को घर के पास छोड़ दिया गया।
इसके बाद छात्र और उसके परिवार ने करहल थाने पहुंचकर शिक्षक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने छात्र की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के बाद आरोपी शिक्षक के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्कूल प्रशासन से भी स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।


