TRENDING TAGS :
Mainpuri News: विरोध प्रदर्शन, अखिलेश यादव की पुत्री पर आपत्तिजनक टिप्पणियों के खिलाफ सौंपा ज्ञापन
Mainpuri News: मैनपुरी में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर अखिलेश यादव की पुत्री पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। कार्रवाई की मांग को लेकर कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई।
Mainpuri News(Photo-Social Media)
Mainpuri News: मैनपुरी में समाजवादी पार्टी ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष की पुत्री के संबंध में सोशल मीडिया पर कथित रूप से की जा रही आपत्तिजनक टिप्पणियों के खिलाफ कड़ा विरोध जताया है। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आरोपित व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
जिलाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री आलोक कुमार शाक्य के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल में जिला महासचिव रामनारायण बाथम, पूर्व विधायक राजकुमार उर्फ राजू यादव तथा किशनी विधायक इंजीनियर बृजेश कठेरिया सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। सपा नेताओं ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अखिलेश यादव की पुत्री को लेकर असत्य, अमर्यादित और अनर्गल टिप्पणियां प्रसारित की जा रही हैं।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर ऐसे पोस्ट और टिप्पणियां साझा कर रहे हैं, जिनका उद्देश्य परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाना और समाज में तनाव का माहौल पैदा करना है। पार्टी नेताओं ने इसे सुनियोजित षड्यंत्र बताते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां सामाजिक सौहार्द को प्रभावित कर सकती हैं।
समाजवादी पार्टी ने प्रशासन से मांग की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही कथित भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री को तत्काल हटवाया जाए। साथ ही, ऐसे पोस्ट करने और उन्हें साझा करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ आईटी एक्ट तथा अन्य संबंधित कानूनी धाराओं के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाए।
इस दौरान जिलाध्यक्ष आलोक कुमार शाक्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के परिवार के खिलाफ की जा रही अमर्यादित टिप्पणियों को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई। वहीं किशनी विधायक इंजीनियर बृजेश कठेरिया ने सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई आवश्यक है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। सपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। फिलहाल प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई है।


