Mainpuri News: 'छात्रों की गूंज' अभियान: कांग्रेस ने शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर सरकार को घेरा

Mainpuri News: मैनपुरी में आयोजित 'छात्रों की गूंज' अभियान की प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने शिक्षा, रोजगार, पेपर लीक, बढ़ती फीस और निजीकरण जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी।

Ashraf Ansari
Published on: 28 Jun 2026 10:00 PM IST
Congress statement on government over education and employment issues
X

'छात्रों की गूंज' अभियान: कांग्रेस ने शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर सरकार को घेरा (Photo- Newstrack)

Mainpuri News: प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर रविवार को मंडी धर्मदास स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक, बढ़ती शिक्षा लागत, निजीकरण और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को उठाते हुए भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना की। साथ ही छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई जारी रखने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोपाल कुलश्रेष्ठ ने किया। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं और छात्रों पर निर्भर करता है, लेकिन वर्तमान समय में युवा खुद को असहाय और निराश महसूस कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 से अब तक विभिन्न भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में करीब 90 से 93 पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे करोड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उनका कहना था कि सरकार शिक्षा माफियाओं के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है और पेपर लीक कराने वाले गिरोहों पर कठोर कार्रवाई नहीं की जा रही है।

महंगी होती शिक्षा को लेकर जताई चिंता

गोपाल कुलश्रेष्ठ ने यह भी कहा कि शिक्षा लगातार महंगी होती जा रही है, जिसके कारण छात्रों को शिक्षा ऋण लेने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। रोजगार की अनिश्चितता और ऋण चुकाने की चिंता युवाओं पर मानसिक दबाव बढ़ा रही है। उन्होंने निजी स्कूलों की मनमानी फीस का भी मुद्दा उठाया और कहा कि कांग्रेस छात्रों तथा युवाओं के हितों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।

युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राहुल कठेरिया ने बताया कि 'छात्रों की गूंज' के तहत युवा कांग्रेस और एनएसयूआई का 40 दिवसीय अभियान शुरू हो चुका है, जिसका समापन 9 अगस्त को दिल्ली में होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट यूजी परीक्षा में पेपर लीक की घटनाओं ने छात्रों को मानसिक रूप से प्रभावित किया और सरकार इस मामले में जवाबदेही से बच रही है।

एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष हिमांशु सेन ने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के बजाय निजीकरण को बढ़ावा दे रही है। उनका आरोप था कि बढ़ती शिक्षा लागत के कारण गरीब परिवारों के बच्चों के सामने पढ़ाई छोड़ने तक की नौबत आ रही है।

प्रेस वार्ता में राजीव गांधी पंचायती राज कांग्रेस के प्रदेश सचिव हरेंद्र राजत, अनुपम शाक्य, जिला कोषाध्यक्ष डॉ. नवीन शर्मा सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

Next Story