TRENDING TAGS :
Mainpuri News: दो भाइयों ने लगाया झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप, एसपी से की निष्पक्ष जांच की मांग
Mainpuri News: मैनपुरी में दो भाइयों ने एसपी से शिकायत कर निष्पक्ष जांच की मांग की। पीड़ितों ने विरोधी पक्ष पर साजिश और धन उगाही का आरोप लगाया।
दो भाइयों ने लगाया झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप, एसपी से की निष्पक्ष जांच की मांग (Photo- Newstrack)
Mainpuri News: मैनपुरी जिले में दो सगे भाइयों ने खुद को झूठे मुकदमे में फंसाए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित भाइयों का कहना है कि जिस घटना के आधार पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है, उस समय वे मौके पर मौजूद ही नहीं थे। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले को लेकर क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विरोधी पक्ष दबाव बनाने और धन उगाही के उद्देश्य से लोगों को फर्जी मामलों में फंसाने का काम करता है। वहीं दोनों भाइयों ने दावा किया है कि उनके पास अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए पर्याप्त गवाह और साक्ष्य मौजूद हैं, जो जरूरत पड़ने पर अदालत में भी पेश किए जाएंगे।
झूठा मुकदमा दर्ज का आरोप
बेवर थाना क्षेत्र के ग्राम टोडरपुर निवासी अमन दीक्षित और उनके भाई कमलकांत दीक्षित उर्फ रामू ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक प्रार्थना पत्र देकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि दिनेश दीक्षित द्वारा 17 मई को थाना बेवर में उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया है। शिकायत में उन पर गाड़ी रोककर हमला करने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित भाइयों का कहना है कि घटना के समय अमन दीक्षित अपने गांव में परिवार के साथ मौजूद थे, जबकि कमलकांत दीक्षित मैनपुरी स्थित अपने आवास पर थे। अमन दीक्षित एलएलबी के छात्र हैं और उनके भाई व्यवसायी हैं। उनका आरोप है कि उन्हें जानबूझकर साजिश के तहत इस मामले में फंसाया गया है।
निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग
अमन दीक्षित ने बताया कि कई लोग इस बात के गवाह हैं कि घटना के समय दोनों भाई मौके पर नहीं थे। उनका कहना है कि जरूरत पड़ने पर गवाह अदालत में बयान देने के लिए भी तैयार हैं। इसके साथ ही उन्होंने विरोधी पक्ष पर लोगों को मुकदमों में फंसाकर दबाव बनाने और धन उगाही करने का आरोप भी लगाया।
दोनों भाइयों ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि निष्पक्ष तरीके से जांच कराई जाती है तो सच्चाई सामने आ जाएगी।


