मैनपुरी: छेड़छाड़ का केस दर्ज कराने पर पति को चोरी में फंसाने का आरोप, पीड़िता पहुंची एसपी ऑफिस

Mainpur News: मैनपुरी: छेड़छाड़ का केस दर्ज कराने पर पति को चोरी में फंसाने का आरोप, पीड़िता पहुंची एसपी ऑफिस

Ashraf Ansari
Published on: 21 Nov 2026 3:28 PM IST
मैनपुरी: छेड़छाड़ का केस दर्ज कराने पर पति को चोरी में फंसाने का आरोप, पीड़िता पहुंची एसपी ऑफिस
X

Mainpuri News: मैनपुरी के करहल थाना क्षेत्र में छेड़छाड़ और मारपीट की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कराने के बाद अब पीड़िता के पति को चोरी के झूठे मामले में फंसाने की कोशिश किए जाने का आरोप सामने आया है। ग्राम टकैया निवासी रत्ना देवी ने गांव के ही कुछ लोगों पर उत्पीड़न, गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाते हुए शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत की। उन्होंने पति को झूठे मुकदमे में फंसाने से बचाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पीड़िता के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10 बजे उनके पति घर पर मौजूद नहीं थे। वह बच्चों के साथ घर में अकेली थीं। आरोप है कि इसी दौरान गांव का दुर्वेश पुत्र बृजलाल उनके घर में घुस आया और दुष्कर्म का प्रयास किया। उनकी चीख-पुकार सुनकर गांव के नीरज समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें बचाया। घटना के बाद दुर्वेश के भाई गौतम और विपिन ने उन पर समझौता करने का दबाव बनाया और धमकियां दीं। पीड़िता ने बताया कि मामले में करहल थाने में मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है।

रत्ना देवी का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी पक्ष उनसे रंजिश रखने लगा। गौतम, दुर्वेश, विपिन और उनके परिवार के लोग घर पहुंचकर गाली-गलौज करते हैं। अब 18 नवंबर को उनके पति पर चोरी का आरोप लगा दिया गया है। जबकि पीड़िता का कहना है कि कथित चोरी की घटना के समय उनके पति गांव में मौजूद ही नहीं थे। उन्होंने इसे पुराने मुकदमे में समझौता कराने के लिए दबाव बनाने की कोशिश बताया।

पीड़िता ने बताया कि चोरी के आरोप को लेकर वह गुरुवार को करहल थाने पहुंची थीं। पूरे दिन थाने में बैठने के बाद दरोगा जांच के लिए मौके पर पहुंचे। आरोप है कि दरोगा के सामने ही दूसरा पक्ष गाली-गलौज करने लगा और मारपीट के लिए झपटा, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय दरोगा ने उन्हें ही डांट दिया।पीड़िता ने आरोपियों से खुद और पति को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी मिलने की बात भी कही। थाने में सुनवाई नहीं होने पर उन्होंने एसपी कार्यालय पहुंचकर निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की।इस संबंध में इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि महिला की ओर से छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया गया है, जबकि दूसरे पक्ष ने चोरी का आरोप लगाया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

asrafansarietw62@gmail.com
Next Story