Mathura News: अडींग में 114 दीप जलाकर रेजांगला के वीर अहीर सैनिकों को खास वीरांजलि

Mathura News: अडींग में यादव महासभा की महिला इकाई ने 114 दीप जलाकर 1962 के रेजांगला युद्ध के शहीद वीर अहीर सैनिकों को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके शौर्य और बलिदान को याद किया।

Amit Sharma
Published on: 18 Nov 2026 10:16 PM IST
Brave Ahir soldiers of Rejangla lighting 114 lamps in Ading
X

अडींग में 114 दीप जलाकर रेजांगला के वीर अहीर सैनिकों को खास वीरांजलि (Photo- Newstrack)

Mathura News: वर्ष 1962 में भारत-चीन युद्ध के दौरान रेजांगला की धरती पर अदम्य साहस और वीरता का परिचय देने वाले वीर अहीर सैनिकों को गांव अडींग में श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। अखिल भारत वर्षीय यादव महासभा की महिला इकाई की ओर से आयोजित कार्यक्रम में दीपदान और पुष्पांजलि के माध्यम से देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले रणबांकुरों को वीरांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम का आयोजन महिला इकाई की जिलाध्यक्ष पूनम यादव के आह्वान पर किया गया। इस दौरान समाज की मातृशक्ति ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। रेजांगला युद्ध में भारतीय सैनिकों की वीरता, अदम्य साहस और देशभक्ति को याद करते हुए 114 दीपक प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी के बीच वीर शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित लोगों ने वीर अहीर सैनिकों के सम्मान में जयघोष भी किए।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि रेजांगला का युद्ध भारतीय सैन्य इतिहास में अद्वितीय साहस और बलिदान का प्रतीक है। वर्ष 1962 में विपरीत परिस्थितियों और दुश्मन की भारी संख्या के बावजूद भारतीय सैनिकों ने जिस बहादुरी से मुकाबला किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। वीर सैनिकों का त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा। उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

इस अवसर पर समाज के बड़े-बुजुर्गों ने भी शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में महिलाओं और युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को देश के वीर सैनिकों के शौर्य, पराक्रम और बलिदान से परिचित कराने का संदेश दिया गया।

इस मौके पर चंद्रवती, पर्वती, नीलम, विजय रानी, सरोज, उर्मिला, कुशमा, मछला, विक्रम, दीपक, लेखी, पांची, महेश, बाली, गोपाल, मोही, कार्तिक, गजेन्द्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story