Mathura News: पुलिस जीप बनी बच्चों का खेल, सुरक्षा और जवाबदेही को लेकर उठे सवाल

Mathura News: गोवर्धन की अडींग चौकी से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, पुलिस जिप्सी में खेलते दिखे बच्चे, सुरक्षा और जवाबदेही को लेकर उठे सवाल।

Amit Sharma
Published on: 14 Jun 2026 8:01 PM IST
पुलिस जीप बनी बच्चों का खेल, सुरक्षा और जवाबदेही को लेकर उठे सवाल (Photo- Newstrack)
X

 पुलिस जीप बनी बच्चों का खेल, सुरक्षा और जवाबदेही को लेकर उठे सवाल (Photo- Newstrack)

Mathura News: गोवर्धन। थाना गोवर्धन क्षेत्र की अडींग पुलिस चौकी से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पुलिस की जिप्सी में कुछ नाबालिग बच्चे बैठे और खेलते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस व्यवस्था और वाहन सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस पुलिस वाहन को अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का प्रतीक माना जाता है, उसी वाहन का इस तरह बच्चों के मनोरंजन के लिए इस्तेमाल होना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। वीडियो बनाने वाला व्यक्ति भी मौके पर मौजूद दिखाई दे रहा है, लेकिन बच्चों को वाहन से हटाने या रोकने का कोई प्रयास नहीं किया गया।

क्षेत्र में चर्चा है कि पुलिस की गाड़ियों का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय स्थापित करना होता है। ऐसे में यदि पुलिस वाहन बिना निगरानी के बच्चों की पहुंच में आ जाएं तो इससे विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठना स्वाभाविक है।


सोशल मीडिया पर लोग इस घटना को लेकर विभिन्न प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं।

गौरतलब है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही को लेकर सख्त रुख के लिए जाने जाते हैं। पूर्व में भी लापरवाही, भ्रष्टाचार और कर्तव्यहीनता के मामलों में कई पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन, लाइन हाजिर करने और कानूनी कार्रवाई तक की जा चुकी है।

हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। यदि जांच में वीडियो सही पाया जाता है तो संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका की पड़ताल की जा सकती है। फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल यह वीडियो पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर बहस का कारण बना हुआ है।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

Next Story