TRENDING TAGS :
Bareilly News: एडीएम ने की स्व-गणना, जनगणना-2027 में भागीदारी की अपील
Bareilly News: एडीएम प्रशासन डॉ. अमरेश कुमार ने परिवार का विवरण दर्ज कर स्व-गणना प्रक्रिया में लिया हिस्सा, जनपदवासियों से सही जानकारी देकर राष्ट्रीय अभियान में सहयोग की अपील की।
एडीएम ने की स्व-गणना, जनगणना-2027 में भागीदारी की अपील (Photo- Newstrack)
Bareilly News: जनगणना-2027 को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ. अमरेश कुमार ने जनगणना के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया में प्रतिभाग कर स्वयं अपने परिवार का विवरण दर्ज किया। इस दौरान उन्होंने जनपद के नागरिकों को भी स्व-गणना के प्रति जागरूक करते हुए इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ. अमरेश कुमार ने कहा कि जनगणना देश की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसके माध्यम से देश की जनसंख्या, परिवारों की स्थिति और विभिन्न सामाजिक एवं आर्थिक पहलुओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां एकत्रित की जाती हैं। इन आंकड़ों के आधार पर भविष्य की विकास योजनाओं और सरकारी नीतियों को तैयार करने में मदद मिलती है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि स्व-गणना की सुविधा के माध्यम से नागरिक स्वयं अपने परिवार से जुड़ी आवश्यक जानकारियां दर्ज कर सकते हैं। इससे जनगणना की प्रक्रिया में लोगों की प्रत्यक्ष भागीदारी सुनिश्चित होगी और परिवारों का विवरण दर्ज करने में भी सुविधा मिलेगी। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे इस प्रक्रिया को गंभीरता से लें और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार अपने परिवार की सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि जनगणना केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक का महत्वपूर्ण दायित्व भी है। सभी लोगों के सहयोग से ही जनगणना का कार्य व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सकता है।
इस अवसर पर स्टेट फील्ड ट्रेनर भानु प्रकाश रावत, जिला जनगणना सहायक कपिल यदुवंशी तथा जिला जनगणना तकनीकी सहायक अंकुर सक्सेना उपस्थित रहे। अधिकारियों ने जनगणना से जुड़ी प्रक्रिया और स्व-गणना में जनसहभागिता के महत्व पर भी जानकारी दी। प्रशासन की ओर से नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया गया।


