Mathura News: एक सोच फाउंडेशन और पूसा संस्थान की पहल से धान की उन्नत खेती को मिला बढ़ावा

Mathura News: एक सोच फाउंडेशन और पूसा संस्थान की पहल से 160 किसानों को उन्नत धान बीज मिले, वैज्ञानिक खेती, जल संरक्षण और आय बढ़ाने पर जोर दिया गया।

Shashi kant gautam
Published on: 20 Jun 2026 4:09 PM IST
Soch Foundation and Pusa Institute initiative promoted advanced cultivation of rice
X

एक सोच फाउंडेशन और पूसा संस्थान की पहल से धान की उन्नत खेती को मिला बढ़ावा (Photo- Newstrack)

Mathura News: कृषि क्षेत्र में नवाचार और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यरत एक सोच फाउंडेशन द्वारा भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI), पूसा, नई दिल्ली के सहयोग से मथुरा जनपद के किसानों के लिए उन्नत धान बीज वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पहल के अंतर्गत 160 चयनित किसानों को धान की चार उन्नत किस्मों—पूसा बासमती 1509, 1692, 1885 एवं 1847—के बीज उपलब्ध कराए गए।

आधुनिक कृषि के लिए किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन

कार्यक्रम के अंतर्गत किसानों को केवल उन्नत बीज ही नहीं, बल्कि आधुनिक कृषि तकनीकों एवं वैज्ञानिक खेती के तरीकों की जानकारी भी प्रदान की जा रही है। भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के एक्सटेंशन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. आर. एन. पड़ारिया के नेतृत्व में वैज्ञानिकों की टीम समय-समय पर मथुरा के गांवों का दौरा कर किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन देती है तथा उनकी समस्याओं का समाधान करती है।


गोवर्धन क्षेत्र के अडिंग गांव में इस पहल के सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं। यहां किसानों ने वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन में धान की सीधी बुवाई पद्धति (Direct Seeded Rice) को अपनाकर जल संरक्षण और लागत में कमी लाने की दिशा में उल्लेखनीय कदम उठाया है। इसके अलावा 25 किसानों को पोषण सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए किचन गार्डन हेतु उन्नत सब्जियों के बीज भी वितरित किए गए।

एक सोच फाउंडेशन

एक सोच फाउंडेशन के प्रतिनिधि अजय सुमन शुक्ला ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य गरीब एवं जरूरतमंद किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि संस्था महिलाओं को हर्बल गुलाल निर्माण जैसे कौशलों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर और उद्यमी बनाने का कार्य भी कर रही है। उन्होंने बताया कि संस्था वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित जागरूकता शिविरों के माध्यम से लोगों को डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव, सुरक्षित बैंकिंग और वित्तीय समावेशन के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि वे सरकारी एवं बैंकिंग सेवाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें।


उल्लेखनीय है कि एक सोच फाउंडेशन और भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI), पूसा के बीच पिछले पांच वर्षों से चल रहा सहयोग हजारों किसानों के लिए लाभकारी सिद्ध हुआ है। इस साझेदारी ने किसानों को पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर आधुनिक और वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया है।

Shashi kant gautam
ABOUT THE AUTHOR

Shashi kant gautam

Shashi Kant Gautam is a journalist with over five years of experience in the news industry. He specializes in regional developments, social issues, and community affairs. He holds a degree in Mass Communication and Journalism. Apart from journalism, he enjoys writing, traveling, and sports, which contribute to his curiosity and broad perspective on current affairs.

Next Story